सीएम का ऐलान, मार्केट फीस बंद करने पर करेंगे चर्चा, निगम चुनावों पर क्या बोले, जानें यहां

By: Feb 22nd, 2021 5:56 pm

मंडी — मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है हिमाचल प्रदेश में व्यापारियों से मार्केट फीस न लेने को लेकर सरकार विचार करेगी। उन्होंने कहा व्यापारियों को जीएसटी में पेश आ रही समस्याओं और अन्य दिक्कतों को जल्द हल करने का भी सरकार प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक को मंडी में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के हल के लिए व्यापार मंडल की टीम शिमला आए और सरकार से चर्चा करे। उन्होंने कहा कि बहुत से ऐसे कानून हैं, जिनका अब कोई महत्त्व नहीं है, इन्हें खत्म किया जाएगा। वहीं, इससे पहले हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल में अध्यक्ष सोमेश शर्मा ने कहा कि सरकार मार्केट फीस लेना व्यापारियों से बंद करे। उन्होंने अन्य मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

मंडी में क्या बोले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नगर निगम चुनाव पर कैसे भरी हुंकार

मंडी — मंडी संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जयराम ठाकुर ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंडी में नगर निगम को लेकर काफी समय से मांग उठाई जा रही थी, जिसके चलते हिमाचल प्रदेश में तीन नए नगर निगम बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जहां भाजपा समर्थित उम्मीदवार पंचायत नगर पंचायत नगर परिषद और जिला परिषद चुनावों में विजयी होकर आए हैं, उसी तरह मंडी नगर निगम चुनावों में भाजपा अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने चार नए नगर निगम बनाए हैं, जिनमें तीन में कांग्रेस विधायक व एक में भाजपा विधायक हैं, परंतु मंडी नगर निगम के विधायक अनिल शर्मा भाजपा के होने के बाद भी कहीं भी नजर नहीं आते हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें इस प्रशिक्षण वर्ग में जरूर आना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जहां हिमाचल प्रदेश में पांच साल भाजपा पांच साल कांग्रेस चुनाव में जीत कर आती थी, लेकिन इस बार 2022 के चुनावों में मिशन रिपीट होगा और भाजपा की सरकार बनने के साथ-साथ इस प्रथा को भी तोड़ा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App