पुड्डुचेरी में गिरी कांग्रेस सरकार, बहुमत साबित नहीं कर पाए नारायणसामी

By: Feb 23rd, 2021 12:08 am

बहुमत साबित नहीं कर पाए नारायणसामी, दक्षिण भारत में कांग्रेस साफ

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

पुड्डुचेरी में पिछले कई दिन से चल रहा राजनीतिक संकट सोमवार को कांग्रेस की सरकार गिरने के साथ ही खत्म हो गया। कांग्रेस नीत वी नारायणसामी सरकार को सदन में सोमवार को बहुमत साबित करना था, लेकिन वोटिंग से पहले ही कांग्रेस और डीएमके के विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद स्पीकर ने ऐलान किया कि नारायणसामी की ओर से पेश विश्वास प्रस्ताव गिर गया है और सरकार ने बहुमत खो दिया है। इसके बाद सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। पुड्डुचेरी में सरकार गिरने के बाद कांग्रेस ने दक्षिण भारत में कर्नाटक के बाद दूसरा राज्य गंवा दिया।

 कभी कांग्रेस के मजबूत गढ़ के रूप में माने जाने वाले दक्षिण भारत में अब पार्टी सभी राज्यों में सत्ता से बाहर हो चुकी है। इससे पहले नारायणसामी ने विश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार और पूर्व उप राज्यपाल किरण बेदी द्वारा कथित तौर पर अड़ंगे लगाए जाने के बावजूद कई योजनाओं को लागू किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को गिराने की विपक्ष की साजिशों के बावजूद वह पांच साल का कार्यकाल पूरा करने में सफल रहे। उन्होंने प्रदेश में उनकी सरकार गिराने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और गोवा में उन्होंने जो किया, वही अब पुड्डुचेरी में किया जा रहा है। पार्टी ने विधायकों के इस्तीफे पर श्री नारायणसामी ने कहा कि उन्हें संगठन के प्रति वफादार होना चाहिए था, लेकिन मजबूरी और खतरे के कारण उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसे ‘लोकतंत्र की वेश्यावृत्ति’ करार दिया।

सिर्फ  पांच राज्यों में सत्ता में रह गई कांग्रेस

2014 में लोकसभा चुनावों में हार के बाद से कांग्रेस सत्ता की लड़ाई में भाजपा से पिछड़ती जा रही है। पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और झारखंड को छोड़कर अब पूरे देश में पार्टी सत्ता से बाहर है। महाराष्ट्र और झारखंड में कांग्रेस भले ही सत्ता में हो, लेकिन यहां पार्टी की भूमिका क्रमशः नंबर तीन और नंबर दो की ही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App