मध्यप्रदेश के सीधी हादसे में मिले चार और शव, मृतकों की संख्या पहुंची 51

By: Feb 17th, 2021 2:07 pm

सीधी — मध्यप्रदेश के सीधी जिला के रामपुरनैकिन थाना क्षेत्र में 50 से अधिक यात्रियों से भरी बस के एक नहर में गिरने के कारण हुए हादसे के 24 घंटे बाद आज चार और लोगों के शव मिलने से मृतकों की संख्या 47 से बढ़कर 51 हो गई है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कल देर शाम तक चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद आज सुबह फिर से यात्रियों की तलाशी का कार्य प्रारंभ हुआ। इस दौरान चार और शव घटनास्थल से कुछ दूर नहर में मिले, जो बह गए थे।

कल शाम तक 47 यात्रियों के शव मिले थे, जिनमें 24 पुरुष और 21 महिलाएं तथा दो बच्चे शामिल थे। अधिकांश मृतक सीधी और सिंगरौली जिले के निवासी हैं। आज सुबह स्वाति (22), दीपू (20), खुशबू (23) और पांच माह की शुभि के शव मिले हैं। दो तीन लोगों के और लापता होने की आशंका है। कल सुबह सीधी से सतना के लिए रवाना हुई बस सरदा गांव के पास नहर में गिर गई थी। नहर में 20 फुट से अधिक ऊंचाई तक पानी था।

बस नहर के समानांतर मार्ग पर चल रही थी और तेज गति होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस नहर में समा गई। कल लगभग तीन घंटे बाद बस को क्रेन की मदद से पानी से निकाला गया था और दिन भर चले राहत कार्य के दौरान 47 लोगों के शव निकाले गए थे।

लगभग सात लोग किसी तरह ग्रामीणों की मदद से अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। आज सुबह फिर से नहर में कई किलोमीटर क्षेत्र में यात्रियों की तलाश की गयी है। बत्तीस सीटर बस में लगभग 60 यात्रियों के सवार होने की सूचनाएं हैं। बस सवार अधिकांश युवक और युवतियां थे, जो रेलवे और नर्सिंग की परीक्षा देने सीधी से सतना के लिए रवाना हुए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App