कृषि मंत्री बोले, केंद्र के कानून लाएंगे खुशहाली, राष्ट्र विरोधी ताकतें नहीं होंगी कामयाब

By: Feb 8th, 2021 1:46 pm

बद्दी — पंचायती राज एवं कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए पारित कृषि कानून किसानों की खुशहाली के लिए कारगर साबित होंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुछ राष्ट्र विरोधी ताकतें किसान आंदोलन के नाम पर देश व सरकार को कमजोर करने का षड्यंत्र रच रही हैं, जो कभी भी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों व बागवानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनेक महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं तथा इस दिशा में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को किसानों ने जमीनी स्तर पर अपनाया है, जिसके परिणाम स्वरूप किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।

कृषि मंत्री प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा द्वारा बद्दी में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा योजना बैठक में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राकेश शर्मा ने बताया की प्रदेश स्तर पर किसानों तथा बागबानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने के लिए एक विशेष मुहिम शुरू की है। इस मुहिम के तहत प्रदेश के तीन लाख लोगों तक केंद्रीय कृषि मंत्री का संदेश पत्र पहुंचाया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App