जनवरी में कम बारिश का ‘चौका’

By: Feb 1st, 2021 12:01 am

साल के पहले महीने में लगातार चौथे साल नहीं बरसे बादल, 50 मिमी का आंकड़ा भी नहीं छू पाए दस जिले

टीम — शिमला, पालमपुर

प्रदेश में जनवरी माह के दौरान मौसम की बेरुखी जारी रही। प्रदेश में लगातार चौथे वर्ष साल के पहले माह में बारिश का ग्राफ सामान्य से कम रहा है। 2018 में प्रदेश में सामान्य से 91 फीसदी और 2019 में बारिश का आंकड़ा औसत से चार प्रतिशत कम रहा है। जनवरी 2020 में प्रदेश में औसत से कम बारिश हुई थी, वहीं इस साल भी यही क्रम जारी रहा और बारिश का ग्राफ सामान्य से प्रतिशत कम रहा है। जनवरी माह में प्रदेश में सामान्य बारिश 89.9 मिमी रहती है,जबकि इस साल यह आंकड़ा 37.6 मिमी रहा है। शिमला व मनाली जैसे पर्यटक स्थलों पर पूरे माह के दौरान बर्फबारी नहीं हो पाई है। ऐसे में जहां सैलानियों सहित पर्यटन कारोबारियों के हाथ निराशा लगी है। वहीं, किसान व बागबान भी मौसम के मिजाज से चितिंत हो उठे हैं। 11 साल बाद यह पहला अवसर है जब पहाड़ों की रानी शिमला में जनवरी में बर्फबारी न हुई हो।

इससे पहले शिमला में साल 2010 के दौरान भी ऐसा ही मंजर देखने को मिला था, जबकि मनाली में 2018 व 2010 के दौरान दो बार पहले बर्फबारी नहीं हुई है। प्रदेश में मौजूदा विंटर के दौरान जनवरी माह की बात की जाए तो कल्पा में सबसे ज्यादा बर्फबारी हुई है। कल्पा में 106.2 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया है। इसके अलावा केलांग में 62.0 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। हालांकि इन क्षेत्रों में भी बीते साल के मुकाबले कम बर्फबारी हुई है। प्रदेश में जनवरी माह के दौरान बारिश भी कम हुई है। समूचे प्रदेश में पूरे माह के दौरान सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में माह के दौरान 37.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। जो सामान्य से -58 फीसदी कम दर्ज की गई है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी तक कम बारिश व बर्फबारी हुई है।

सबसे ज्यादा भीगा चंबा जिला

जिला      हुई बारिश सामान्य

बिलासपुर 19.6       57.6

चंबा       56.1       112.6

हमीरपुर   27.9       62.1

कांगड़ा    41.8       71.6

किन्नौर    47.2       97.1

कुल्लू      40.3       78.9

ला.स्पीति  51.0       121.3

मंडी       17.7       64.7

शिमला    29.9       84.7

सिरमौर    27.6       45.6

सोलन     19.1       54.9

ऊना       20.2       40.0

प्रदेश      37.6       89.9


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App