प्रतिबंधित दवाइयों के साथ दिल्ली के दो युवक गिरफ्तार, नेपाली महिला से पकड़ा चिट्टा

By: Feb 23rd, 2021 4:52 pm

कार्यालय संवाददाता, बिलासपुर
सदर पुलिस टीम ने प्रतिबंधित दवाइयों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम द्वारा नाके के दौरान यह कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सिक्योरिटी ब्रांच बिलासपुर द्वारा चैहड़ी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान दिल्ली नंबर की कार आई, जिसे संदेह के आधार पर चैकिंग के लिए रोका गया।

इसमें दिल्ली के दो युवक सवार थो। जब कार व युवकों की चैकिंग ली गई तो इनके कब्जे से 34 पत्ते प्रतिबंधित दवाइयों के पकड़े गए। इसमें 170 प्रतिबंधित कैप्सूल ट्रामाडोल, हाईड्रोक्लोराइड 50एमजी बरामद किए गए, जिसके चलते पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उधर, इस बारे में एएसपी अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोगली में नेपाली महिला से पकड़ा चिट्टा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो, रामपुर बुशहर
पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले नोगली में पुलिस ने सोमवार रात को एक नेपाली मूल की महिला से 2.16 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात को डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर की अगवाई में पुलिस का दल गश्त कर रहा था। पुलिस को क्षेत्र में चिट्टा बेचने की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही नोगली स्थित एक ढाबे में पुलिस ने छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने नेपाली मूल की महिला सुशीला से 2.16 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस महिला से पुलिस पहले भी चिट्टा बरामद कर चुकी है, लेकिन सवाल तो तब उठता है, जब बार बार यही महिला चिट्टे के साथ दबोची जा रही है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

डीएसपी रामपुर चंदशेखर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नेपाली मूल की महिला से 2.16 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। नोगली क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। क्षेत्र में रोजाना पुलिस गश्त कर नशे के सौदागरों पर नजर बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि नशे के काले कारोबार में संलिप्त लोगों को पुलिस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने नशा मुक्त समाज निर्माण में सहयोग की क्षेत्र के लोगों से अपील की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App