भाजपा ने फूंका कांग्रेस का पुतला

By: Mar 1st, 2021 12:23 am

विधानसभा में राज्यपाल की गाड़ी रोकने और अभद्र व्यवहार की निंदा कर बिलासपुर में किया रोष-प्रदर्शन

कार्यालय संवाददाता—बिलासपुर
सदर भाजपा ने विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए गए कदम की कड़ी निंदा की है। भाजपा ने विरोध के चलते रविवार को कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। वहीं, सरकार से आग्रह किया है कि इस घटनाक्रम में शामिल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। रविवार को सदर विधायक सुभाष ठाकुर की अगवाई में रोष प्रदर्शन किया गया। शहीद स्मारक के पास कांग्रेस का पुतला फूंका गया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने संविधान की अवहेलना की है। जिसके लिए कांग्रेस नेताओं को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के बीच में कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई टिप्पणी अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा की उसके बाद जब राज्यपाल विधानसभा से राजभवन की ओर जा रहे थे तो उनकी गाड़ी को कांग्रेस के विधानसभा सदस्यों द्वारा जिस तरह से रोका गया वह निंदनीय है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यवहार पर कांग्रेस के सभी नेताओं पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ने कई विधायकों को निलंबित किया है वह निर्णय उचित है। वहीं, कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए इस घटनाक्रम ने प्रदेश को शर्मशार किया है। जिसके लिए प्रदेश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि मामले में शामिल लोगों की सदस्यता रद्द की जाए। इस दौरान जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, नगर परिषद उपाध्यक्ष कमल गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App