सपना साकार…सुजानपुर को मिली पक्की दुकानें

By: Apr 15th, 2021 12:55 am

केंद्रीय वित्त राज्य एवं कारपोरेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी सौगात, जरूरतमंद लोगों का बनेंगी सहारा

प्रदेश को हर संभव सहायता दे रही केंद्र सरकार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार हरसंभव मदद दे रही है। प्रदेश को 50 साल के लिए 450 करोड़ रुपए का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध करवाया गया है। लगभग 800 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को भी हाल ही में मंजूरी दी गई है। इसका कार्य शीघ्र ही आरंभ किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल के दौरान ही सुजानपुर क्षेत्र का चहुमुखी विकास सुनिश्चित हुआ है और धौलासिद्ध परियोजना से भी इस क्षेत्र के विकास को बल मिलेगा। यह बात केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को सुजानपुर में सतलुज जलविद्युत निगम लिमिटेड की कारपोरेट सामाजिक दायित्व योजना के तहत लगभग 62 लाख रुपए की लागत से निर्मित दुकानों के लोकार्पण के दौरान कही। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान नरेंद्र मोदी ने सभी वर्गों विशेषकर गरीबों के लिए कई पैकेज देकर भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने बताया कि देश के लाखों रेहड़ी-फड़ी वालों को दस-दस हजार रुपए की मदद करके प्रधानमंत्री ने इन गरीबों को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। डिजिटल लेन-देन करने पर भी इन्हें कई रियायतें दी जा रही हैं। अन्य छोटे व्यापारियों को भी तीन लाख करोड़ रुपए का पैकेज दिया गया है। मुद्रा योजना के तहत स्वरोजगार के लिए आसानी से ऋण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कोरोना संकट के दौरान ही देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को आठ महीने का मुफ्त राशन दिया गया। लगभग 20 करोड़ महिलाओं के जनधन खातों में 31 हजार करोड़ से अधिक की धनराशि डाली गई। निजी क्षेत्र में नौकरीपेशा लोगों के ईपीएफ में सीधे सात हजार करोड़ रुपए डाले गए। इन लोगों को राहत देने तथा इनका रोजगार सुरक्षित रखने के लिए केंद्र सरकार दो साल तक इनके ईपीएफ में पैसा डालेगी। इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने डा. भीमराव अंबेदकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के लिए उनके योगदान का स्मरण किया। कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर छत्तीसगढ़ में शहीद हुए अद्र्धसैनिक बलों के जवानों को भी श्रद्धांजलि दी गई।

स्टाफ रिपोर्टर-सुजानपुर
केंद्रीय वित्त राज्य एवं कारपोरेट मंत्रालय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर एक दिवसीय सुजानपुर दौरे पर पहुंचे। करीब 11:00 बजे सुजानपुर पहुंचे वित्त राज्य मंत्री को विश्राम गृह सुजानपुर में पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई। इस दौरान वित्त राज्य मंत्री का भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा सुजानपुर भाजपा मंडल महिला भाजपा मोर्चा एवं विभिन्न प्रकोष्ठओं के पदाधिकारियों स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विश्राम गृह के बाद वित्त राज्य मंत्री सुजानपुर बस स्टैंड पहुंचे, जहां उनका स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। वहीं उन्होंने यहां पर निर्माणाधीन करीब 40 पक्की दुकानों का वैदिक मंत्रोच्चारण पूजा-पाठ करने के बाद लोकार्पण किया। बताते चलें कि यह पक्की दुकानें समाज के निर्धन वर्ग के लिए बनाई गई हैं, जो यहां पर विगत कई वर्षों से रेहड़ी फड़ी लगा कर अपनी आजीविका कमा रहे थे। विधिवत शिलान्यास प्रक्रिया पूरी करके 62 लाख रुपए बजट का प्रावधान करके इन्हें पक्का बनाने की घोषणा की थी। इस दौरान वित्त राज्य मंत्री ने चिल्ड्रन पार्क में भी एक जनसभा को भी संबोधित किया।

सुजानपुर में भूमि मिलती है, तो खोलेंगे सेंट्रल स्कूल
सुजानपुर। जहां-जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध हुई है, वहां-वहां सेंट्रल स्कूल खोले गए हैं। अगर सुजानपुर में भूमि उपलब्ध है, तो सेंट्रल स्कूल सुजानपुर में भी खोला जाएगा। इसके लिए भूमि तलाश का कार्य युद्ध स्तर पर करें यह बात केंद्रीय वित्त राज्य एवं कॉर्पोरेट मंत्रालय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सेंट्रल स्कूल खोले जा रहे हैं, जहां जहां भूमि उपलब्ध हुई है, वहां इन्हें खोलने की स्वीकृति दिलवाई गई है। सुजानपुर शहर या सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में अगर कहीं पर्याप्त भूमि है, तो इसे वहां खुलवाया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने सैनिक स्कूल का भी किया दौरा
सुजानपुर। केंद्रीय वित्त राज्य एवं कॉरपोरेट मंत्रालय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को सुजानपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश के एकमात्र सैनिक स्कूल सुजानपुर का विजिट किया। इस दौरान वित्त राज्य मंत्री ने स्कूल प्रशासन के साथ एक बैठक का आयोजन कर स्कूल किस तरह से कार्य कर रहा है, वर्तमान में स्कूल की क्या स्थिति है और आने वाले समय में स्कूल में बेहतर सुविधाएं छात्रों को मिले, उसके लिए क्या प्रयास किया जा सकता है के बारे में तमाम जानकारी ली। स्कूल परिसर में पहुंचने पर वित्त राज्यमंत्री का स्कूल प्राचार्य एमके महावत, स्कूल रजिस्ट्रार के साथ-साथ अन्य अधिकारियों कर्मचारियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। वित्त राज्य मंत्री ने स्कूल भवन का निरीक्षण करने के साथ-साथ स्कूल में बनाए गए शहीद स्मारक पर भी पुष्प अर्पित किए। वित्त राज्य मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि स्कूल प्रशासन की ओर से जो भी मांग उन तक पहुंचाई जाएगी, उसे पूरा करवाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App