सीएम, मंत्री… अब इंदु गोस्वामी पहुंचीं पालमपुर

By: Apr 6th, 2021 12:01 am

नगर निगम चुनावों के लिए प्रदेश की सबसे हॉट सीट के लिए भाजपा ने झोंकी ताकत

कार्यालय संवाददाता – पालमपुर

नगर निगम चुनावों में पालमपुर सबसे हॉट सीट बनती नजर आ रही है। दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस नगर निगम में जीत के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहते। ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दौरे और मंत्रियों व विधायकों की फौज के यहां डटे रहने के बाद अब राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी भी पालमपुर पहुंच गई हैं। विधानसभा चुनावों में पालमपुर से भाजपा की उम्मीदवार रहीं इंदु गोस्वामी दो प्रदेशों के चुनाव प्रचार में हिस्सा ले रही थी। ऐसे में उनकी कमी यहां खल रही थी और सोमवार को भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना की पत्रकारवार्ता में इंदु मौजूद रहीं। पालमपुर नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा के प्रभारी विक्रम ठाकुर और प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर के प्रयासों से लंबे समय के बाद पालमपुर भाजपा एकजुट नजर आ रही है और इससे कार्यकर्ता भी काफी उत्साहित हैं।

 विक्रम ठाकुर और त्रिलोक कपूर ने जिस तरह से मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बाद अब राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का साथ पालमपुर चुनाव प्रचार में जोड़ा है, उसका असर आने वाले समय में भी देखने को मिल सकता है। कभी पालमपुर की राजनीति से दूरी बना चुके पूर्व मंत्री रविंद्र रवि चुनाव प्रचार अभियान में जुड़े हुए हैं तो मंत्री वीरेंद्र कंवर लगातार पालमपुर के संपर्क में हैं। विधायक रवि धीमान और मुलखराज प्रेमी चुनावी समर में भागीदारी निभा रहे हैं, तो विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार का सहयोग भी मिल रहा है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना चारों नगर निगमों में भाजपा की जीत का दम भर रहे हैं, तो अब राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी की भी एंट्री हो गई है। उधर, कांग्रेस ने भी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बीबीएल बुटेल की अगवाई में अपने अनुभवी नेताओं की टीम मैदान में उतार दी है।

दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल

पालमपुर नगर निगम इसलिए भी हॉट सीट बन गई है कि दोनों दलों की प्रतिष्ठा का सवाल जीत-हार से जुड़ चुका है। भाजपा ने पालमपुर को नगर निगम का दर्जा प्रदान किया है और इस वक्त प्रदेश में भाजपा की ही सरकार है। उधर, लंबे समय तक पालमपुर नगर परिषद पर कब्जा रखने वाली कांग्रेस पालमपुर विधानसभा सीट पर भी काबिज है। ऐसे में इन चुनावों के परिणाम कहीं न कहीं आने वाले विधानसभा चुनावों की भी झलक दिखा सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App