दिल्ली को ‘सांसें’ देगा हिमाचल, केजरीवाल के आग्रह को सीएम जयराम ने किया स्वीकार

By: Apr 27th, 2021 12:08 am

केजरीवाल के ऑक्सीजन आपूर्ति के आग्रह को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया स्वीकार

राज्य ब्यूरो प्रमुख — शिमला

ऑक्सीजन की कमी से तड़प रही दिल्ली सरकार को हिमाचल ने संजीवनी दी है। देश की राजधानी दिल्ली को हिमाचल सरकार ने ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए दरियादिली दिखाई है। राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली सरकार के आग्रह को स्वीकार करते हुए कोविड संकट में ऑक्सीजन आपूर्ति का फैसला लिया है। इसके लिए बाकायदा हिमाचल सरकार ने नोडल अफसर तैनात कर दिल्ली को सूची भेज दी है। जाहिर है कि ऑक्सीजन की कमी के चलते दिल्ली में सैकड़ों संक्रमितों की मौतें हो रही हैं। इसके चलते मानवीय सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह साहसिक फैसला लिया है। प्रदेश में रोजाना 57.68 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है। हिमाचल के विभिन्न आठ प्लांटों में ये ऑक्सीजन तैयार की जाती है। इसमें बद्दी, मंडी, ऊना जिला का गगरेट और सिरमौर जिला का पावंटा साहिब है। इतना ही नहीं बद्दी में एक निजी कंपनी लिक्विड ऑक्सीजन भी तैयार कर रही है।

कोविड की पहली लहर के दौरान केंद्र सरकार ने राज्यों को सरकारी प्लांट स्थापित कर ऑक्सीजन प्रोडक्शन का ऑफर दिया था। इसके लिए सरकारी फंड भी मुहैया करवाया गया था। हिमाचल सरकार ने इस आग्रह पर सात सरकारी प्लांट स्थापित करने का अभियान शुरू कर दिया। इस कड़ी में चार प्लांट कमीशंड हो गए हैं और इनकी टेस्टिंग चल रही है। इन सभी ऑक्सीजन प्लांट में उत्पादन शुरू हो जाने पर हिमाचल में 9.75 मिट्रिक टन ऑक्सीजन का अतिरिक्त उत्पादन रोजाना शुरू हो जाएगा। राज्य में रोजाना 18.63 मिट्रिक टन ऑक्सीजन की ही खपत हो रही है। ऐसे में हिमाचल को प्रतिदिन 39 मिट्रिक टन ऑक्सीजन की बचत हो रही है। इसके चलते हिमाचल  पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू कश्मीर को ऑक्सीजन की आपूर्ति कर रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कोविड संकट में हिमाचल के इस सहयोग के लिए राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का तह दिल से आभार प्रकट किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App