याद किए पूर्व चीफ जस्टिस गुलाब चंद

By: Apr 24th, 2021 12:01 am

उच्च न्यायालय में पूर्व न्यायाधीश के निधन पर फुल कोर्ट रेफरेंस

विधि संवाददाता – शिमला

हिमाचल हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुलाब चंद गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त करने को शुक्रवार को उच्च न्यायालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फुल कोर्ट रेफरेंस का आयोजन किया गया। जस्टिस गुप्ता ने सात अप्रैल, 2021 को मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली थी। वह 88 वर्ष के थे। न्यायमूर्ति गुप्ता 17-09-1994 से 28-02-1995 तक हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रहे। न्यायमूर्ति जीसी गुप्ता का जन्म एक मार्च, 1933 को जिला कोरिया के मनेंद्रगढ़ शहर में हुआ था, जो अब छतीसगढ़ राज्य में है। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई मनेंद्रगढ़ से की और बीए और एलएलबी इलाहाबाद विश्वविद्यालय से की। उन्होंने एलएलएम अमरीका से की।

 बाद में 1957 में एक प्लीडर के रूप में और 1962 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण करवाया। जबलपुर उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में उन्होंने संवैधानिक, औद्योगिक और नागरिक मामलों की पैरवी की। उन्हें 20 जून, 1983 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। उन्हें 17 सितंबर, 1994 को हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया और वह पहली मार्च, 1995 को इस पद से सेवानिवृत्त हुए। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, न्यायमूर्ति रवि मालिमठ, न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति सुरेश्वर ठाकुर, न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर, न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल, न्यायमूर्ति संदीप शर्मा, न्यायमूर्ति चंद्रभूषण बारोवालिया, न्यायमूर्ति अनूप चिटकारा और न्यायमूर्ति ज्योत्सना रिवाल दुआ ने भी फुल कोर्ट रेफरेंस में भाग लिया। इस अवसर पर महाधिवक्ता अशोक शर्मा, हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा, हिमाचल हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश्वर सिंह चंदेल और भारत के सहायक सॉलिसिटर जनरल बलराम शर्मा ने भी वीसी के माध्यम से संबोधित किया और न्यायमूर्ति जीसी गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App