छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला में पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़, पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर

By: Apr 20th, 2021 1:43 pm

दंतेवाड़ा — छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला के अरनपुर थाना क्षेत्र के नीलवाया जंगलों में आज पुलिस की नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में पांच लाख रुपए का इनामी नक्सली मारा गया। मौके से बंदूक और नक्सली साहित्य बरामद हुआ। पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि मुखबिर से नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर रिजर्व पुलिस के जवानों को अरनपुर थाना क्षेत्र के नीलवाया जंगलों में रवाना किया गया।

यहां घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी की। दोनों तरफ से एक घंटे तक गोलीबारी के बाद मौके से एक नक्सली का शव, एक बंदूक और नक्सली साहित्य मिला है। मारे गए नक्सली कोसा पर जिला के विभिन्न थानों में कई अपराध दर्ज होने के साथ पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था।

21 नक्सलियों पर इनाम घोषित

जगदलपुर — छत्तीसगढ़ के दुर्दांत नक्सली हिड़मा सहित बस्तर में सक्रिय 21 नक्सलियों पर एनआईए ने इनाम घोषित किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इन नक्सलियों पर छतीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों ने भी इनाम रखे हैं। एनआईए की इनामी लिस्ट में भाकपा माओवादी के महासचिव बसवराजू पर 10 लाख रुपए, नम्बाला केशव राव पर 66 लाख रुपए, बस्तर में सक्रिय मल्लूजुला वेणुगोपाल पर पहले से 1.04 करोड़ रुपए और कट्टम सुदर्शन पर 1.55 करोड़ का इनाम है।

ये दोनों पोलित ब्यूरो सदस्य हैं। केशव राव पर पहले ही महाराष्ट्र, ओडिसा और छग सरकार द्वारा संयुक्त रूप से 1.85 करोड़ रुपए का इनाम घोषित है। इसके अलावा एनआईए ने नक्सल पोलित ब्यूरों के हर सदस्य पर 10-10 लाख का इनाम रखा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App