Monsoon: जेठ महीने में ही हिमाचल पहुंच गया मानसून, हो रही झमाझम बारिश

By: Jun 14th, 2021 12:08 am

21 साल बाद सामान्य अवधि से 13 दिन पहले ही पूरे प्रदेश में हो रही झमाझम

टेकचंद वर्मा — शिमला

हिमाचल प्रदेश में जेठ (ज्येष्ठ) महीने में ही मानसून ने दस्तक दे दी है। इस बार राज्य में मानसून सामान्य अवधि से 13 दिन पहले ही पहुंच गया है। 21 साल बाद हिमाचल में मानसून ने प्रदेश में इतनी जल्दी दस्तक दी है। राज्य में प्री मानसून की बौछारों व उक्त अवधि के दौरान चले तूफान ने जमकर कहर बरपाया है। राज्य में पहली से 13 जून तक सामान्य से 39 फीसदी अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। गौरतलब है कि हिमाचल में मानसून के पहुंचने की सामान्य अवधि 26 जून है। बीते साल प्रदेश में 24 जून को मानसून आया था, मगर इस साल मानसून सामान्य अवधि से 13 दिन पहले आ गया है। राज्य में 21 साल के बाद मानसून इतनी जल्दी आया है। इससे पहले साल 2000 में नौ जून को मानसून आया था।

 मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के तहत राज्य में एक से 13 जून के बीच औसतन 41.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है, जो सामान्य से 39 फीसदी अधिक है। उक्त अवधि के दौरान राज्य के सिर्फ कुल्लू, किन्नौर व लाहुल-स्पीति सामान्य से कम बारिश हुई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। सिरमौर में 93 फीसदी बारिश हुई है। सोलन में 92, ऊना में सबसे ज्यादा 153, मंडी में 65, कांगडा में 81, चंबा में 47, शिमला व हमीरपुर में 46 फीसदी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। उन्होंने कहा कि प्री-मानसून की शुरुआत में ही झमाझम बारिश हुई है। जबकि मानसून के दौरान आगामी दिनों में सामान्य से अधिक बारिश होगी। (एचडीएम)

जून माह में अब तक दर्ज बारिश

मिलीमीटर में

जिला      दर्ज        सामान्य

बिलासपुर 46.7       34.5

चंबा       57.0       38.8

हमीरपुर   54.2       37.1

कांगड़ा    72.7       40.2

किन्नौर    15.2       15.3

कुल्लू      28.7       28.9

लाहुल     3.9        18.4

मंडी       74.6       45.2

शिमला    53.8       36.9

सिरमौर    74.6       38.6

सोलन     80.4       41.8

ऊना       56.1       22.2


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App