अब मंडी में भी होगी लाल धान की खेती

By: Jun 14th, 2021 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर — सुंदरनगर

कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के अनुसंधान धान एवं गेहूं केंद्र मलां ने कांगड़ा, शिमला, कुल्लू और चंबा के बाद अब मंडी जिला में भी लाल धान की खेती करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी के तहत मंडी जिला के धर्मपुर विस क्षेत्र के तहत आने वाली संधोल तहसील के भी किसान अब लाल धान की पैदावार कर सकेंगे। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के धान गेहूं अनुसंधान केंद्र मलां के वैज्ञानिक एवं प्रभारी डा. अजय श्रीवास्तव ने क्षेत्र के प्रगतिशील किसान अश्विनी कुमार शर्मा को ट्रायल बेस पर लाल धान के बीज वितरित किए हैं, जिनको अश्विनी कुमार शर्मा ने आगे 10 किसानों को ट्रायल बेस पर लगाने के लिए क्षेत्र में वितरित किया है। हिमाचल किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी एवं प्रगतिशील किसान अश्विनी कुमार शर्मा ने बताया कि अब क्षेत्र में भी किसान लाल धान की पैदावार कर सकेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App