2032 ओलंपिक गेम्स ब्रिसबेन में, तीसरी बार आस्ट्रेलिया में होगा खेलों के महाकुंभ का आयोजन

By: Jul 22nd, 2021 12:06 am

एजेंसियां— तोक्यो

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने ब्रिसबेन को 2032 ओलंपिक की मेजबानी के लिए चुना है। ब्रिसबेन के खिलाफ किसी शहर ने मेजबानी की दावेदारी पेश नहीं की। इससे पहले मेलबोर्न में 1956 में ओलंपिक खेलों का आयोजन किया गया था। इसके बाद सिडनी में 2000 में ओलंपिक खेलों के महाकुंभ का आयोजन हुआ था। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मौरिसन ने अपने कार्यालय से आईओसी के मतदाताओं को 11 मिनट के लाइव वीडियो लिंक के दौरान कहा, हमें पता है कि आस्ट्रेलिया में सफल खेलों के आयोजन के लिए क्या करने की जरूरत है।

ब्रिसबेन से पहले 2028 में लॉस एंजलस, जबकि 2024 में पेरिस में ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को शुरू होने वाले तोक्यो खेलों से पूर्व बैठक में आईओसी सदस्यों के आधिकारिक मुहर लगाने से महीनों पहले आस्ट्रेलिया के पूर्वी तटीय शहर का मेजबान बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया था। आईओसी ने फरवरी को ब्रिसबेन को बातचीत का विशेष अधिकार दिया था। इस फैसले से कतर, हंगरी और जर्मनी के ओलिंपिक अधिकारी सकते में थे क्योंकि उनकी स्वयं की दावेदारी की योजना पर पानी फिर गया था। नए बोली प्रारूप के तहत ब्रिसबेन खेलों की मेजबानी के लिए चुना गया पहला शहर है। नए प्रारूप में आईओसी संभावित दावेदार से संपर्क करता है और निर्विरोध उनका चयन करता है।

वापस भेजे छह तैराक

टोक्यो। पोलैंड के छह तैराकों को एक प्रशासनिक चूक के कारण ओलंपिक्स से वापस भेज दिया गया है। पोलैंड के तैराकी फेडेरशन ने ज्यादा तैराकों के नाम दे दिए थे। उन्हों टोक्यो पहुंचने पर पता चला कि उनके नाम सूची में नहीं हैं, जिससे उन्हें वापस पोलैंड लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।

ओलंपिक गांव में 10 नए कोरोना पॉजिटिव

टोक्यो। टोक्यो ओलंपिक की आयोजन समिति ने बुधवार को बताया कि खेल गांव में एक एथलीट सहित 10 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। आयोजन समिति के ताजा अपडेट के अनुसार, पहली जुलाई से संक्रमित लोगों की संख्या 81 पहुंच गई है। इनमें दर्ज मामलों में खेल गांव में रह रहे एथलीट और विदेशी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और कर्मी शामिल हैं। आयोजकों ने बताया कि इसके अतिरिक्त टोक्यो के बाहर स्थित ट्रेङ्क्षनग कैंपों में चार एथलीटों और सहयोगी कर्मियों को कोरोना से संक्रमित पाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App