चुराग को बीडीओ ऑफिस बगशाड़ को दी उपतहसील, करसोग में मुख्यमंत्री ने बरसाए तोहफे

By: Jul 30th, 2021 12:07 am

 महोग-माहूंनाग में बागबानी विस्तार अधिकारी कार्यालय खोलने की घोषणा

 माहूंनाग में बैंक शाखा खोलने का दिया आश्वासन

 काहनू हाई स्कूल का दर्जा बढ़ाने का भी किया ऐलान

कार्यालय संवाददाता – करसोग

करसोग दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कई विकास योजनाओं की घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने जहां चुराग में नया खंड विकास कार्यालय खोलने की घोषणा की, वहीं करसोग के बगशाड़ को एक नई उपतहसील देने का ऐलान किया। इससे पहले बुधवार को लगभग 20 करोड़ से बनने वाली कुंड-गडारी-बेसटा सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को चुराग में जनसभा को संबोधित करते हुए महोग और माहूंनाग में बागबानी विस्तार अधिकारी के कार्यालय को खोलने, राजकीय उच्च विद्यालय काहनू को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के रूप में स्तरोन्नत करने और प्रत्येक महिला मंडल को 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने चुराग में विकास खंड खोलने की भी घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं, लेकिन कांग्रेस नेता इस मुद्दे का भी राजनीतिकरण कर रहे हैं। इस महामारी के फैलने से पहले प्रदेश में केवल 50 वेंटिलेटर थे, जिनकी संख्या आज बढ़कर 700 हो गई है।

इसके उपरांत करसोग क्षेत्र के खील में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खील में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक का एक्सटेंशन कांउटर खालने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में खेल मैदान के लिए 10 लाख रुपए और सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए तीन लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के छह महिला मंडलों के लिए 10-10 हजार रुपए की घोषणा की। बगशाड़ में जयराम ठाकुर ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए किसान भवन के निर्माण और बगशाड़ में उपतहसील खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उनके साथ अपनी  स्मृतियों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने माहूंनाग में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि माहूंनाग में बैंक की एक शाखा खोलने के प्रयास भी किए जाएंगे। उन्होंने माहूंनाग में जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता अनुभाग और क्षेत्र को हेलिपैड निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के चार महिला मंडलों को 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा की। स्थानीय विधायक हीरा लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। मंडी जिला परिषद के सदस्य बिहारी लाल शर्मा, अजय राणा, मंडलाध्यक्ष कुंदन ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 अभागी मां की फरियाद पर पसीजे जयराम ठाकुर

करसोग। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मानवता और संवेदनशीलता का एक उदाहरण जिला मंडी के करसोग में देखने को मिला। जयराम ठाकुर के करसोग प्रवास के दौरान चिंडी विश्राम गृह में जब एक महिला ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या से अवगत करवाया, तो मुख्यमंत्री ने उसके लिए तुरंत दो लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की। गांव खडूहन की निवासी सीमा कुमारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पति एचआरटीसी में कार्यरत थे। उसके पति की मृत्यु बस हादसे में हुई थी। इसके बाद उसे पांच बेटियों का पालन-पोषण करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने उसकी समस्या का समाधान करने के उद्देश्य से महिला के लिए मौके पर ही दो लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जल्द ही कहीं न कहीं महिला को रोजगार देने का भी प्रयास किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App