मांगों की अनदेखी, तो 19 नवंबर को प्रदर्शन, बरमाणा में भारतीय मजदूर संघ ने बनाई सरकार के खिलाफ रणनीति

By: Sep 13th, 2021 12:06 am

निजी संवाददाता-बरमाणा

मांगें न मानने पर सरकार को भारतीय मजदूर संघ ने 19 नवंबर को प्रदर्शन की चेतावनी दे दी है। रविवार को भारतीय मजदूर संघ की कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राणा की अध्यक्षता में बरमाणा बिलासपुर में संपन्न हुई, जिसमें उत्तरी क्षेत्र के सह संगठन मंत्री राकेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री यशपाल हेट्टा ने बताया कि इस दो दिवसीय बैठक में कर्मचारियों व श्रमिकों की मांगों पर विचार मंथन के साथ में प्रदेश सरकार को दिए गए 36 सूत्री मांग पत्र पर अभी तक सरकार के साथ वार्ता न होने पर रोष प्रकट किया गया। यह भी निर्णय लिया गया कि अगर सरकार इन मांगों को अनदेखा करती है तो भारतीय मजदूर संघ 19 नवंबर को प्रदेश की राजधानी शिमला में एक विशाल प्रदर्शन करेगा।

उन्होंने बताया कि इस दौरान निर्णय लिया गया कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, आशा कार्यकर्ता, मिड-डे मील कार्यकर्ता, सिलाई-कढ़ाई, अंशकालीन पटवारी, पीस मील कार्यकर्ता (परिवहन) की स्थायी करने की नीति, पुरानी पेंशन बहाली, अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करने की पालिसी, तीन साल से घटाकर दो वर्ष, नया वेतन लागू करने श्रमिकों को निजी क्षेत्र में अप्रैल 2021 से वेतन वृद्धि की घोषणा की अधिसूचना जारी की जाए, न्यूनतम वेतनमान को महंगाई सूचकांक के साथ जोड़ा जाए तथा प्रदेश में पहाड़ी भत्ता व जनजातीय भत्ता आदि मांगों पर सरकार राहत दें। इसके अलावा कार्यसमिति ने यह भी निर्णय लिया कि अगर सरकार इन मांगों को अनदेखा करती है तो भारतीय मजदूर संघ 19 नवंबर 2021 को प्रदेश की राजधानी शिमला में एक विशाल प्रदर्शन करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App