चंडीगढ़ व्यापार मंडल से जैन बाहर, जनरल हाउस मीटिंग में फैसला, नया व्यापारी संगठन बनाने पर जताया विरोध

By: Sep 25th, 2021 12:07 am

चंडीगढ़, 24 सितंबर (ब्यूरो)

चंडीगढ़ व्यापार मंडल में कैलाश चंद जैन को लेकर लंबे समय से चली आ रही खींचतान के बाद जैन को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। गुरुवार को हुई व्यापार मंडल की जनरल हाउस बैठक में कैलाश चंद जैन की सदस्यता रद्द करने का फैसला लिया गया है। बैठक में अलग-अलग बाजार से कुल 212 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में कैलाश चंद जैन को व्यापार मंडल से बाहर करने का निर्णय लिया, उनकी सदस्यता को खारिज कर दिया गया। जैन ने शहर में अपना नया व्यापारी संगठन का गठन किया है, जिसके विरोध में उन्हें व्यापार मंडल से बाहर करने के लिए काफी दिनों से गहमागहमी चल रही थी। जैन ने उद्योग व्यापार मंडल के नाम से अलग संगठन बनाया हुआ है।

बता दें कि मौजूदा समय में कैलाश जैन चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हैं। व्यापार मंडल ने जैन को यह भी कहा था कि वह अपना संगठन खत्म करके व्यापार मंडल के लिए ही काम करें, लेकिन वह नहीं माने। बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरणजीव सिंह ने कहा कि कोरोना काल में अपनी मांगों को पूरा करवाने में व्यापार मंडल ने अहम भूमिका निभाई है। व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को समय-समय पर प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष उठाया जा रहा है। बैठक में महासचिव संजीव चड्डा ने नगर निगम के साथ पार्किंगों को लेकर होने वाले एमओयू की प्रतियां भी बांटीं। बैठक में कमलजीत पंछी ने कहा कि इस तरह की जो समांतर व्यापारी संगठन चल रहा है वह बदार्श करने लायक नहीं है। बैठक में कैलाश चंद जैन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि किसी भी सदस्य को किसी भी अन्य एसोसिएशन को ज्वाइन करने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी व्यापार मंडल के खिलाफ कुछ नहीं बोला और न ही खिलाफ काम किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App