खाई में लुढ़की सैलानियों की कार

By: Oct 4th, 2021 12:10 am

चंडीगढ़-मनाली एनएच पर रछोल पुल के पास पेश आया हादसा; पांच जख्मी, मनाली घूमने जा रहे थे पर्यटक

निजी संवाददाता-स्वारघाट
रविवार सुबह करीब दो बजे राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 चंडीगढ़-मनाली पर स्वारघाट से करीब आठ किलोमीटर दूर रछोह पुल के समीप बिलासपुर की तरफ जा रही एक टूरिस्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा लुढ़की। इस हादसे में कार में सवार पांच लोग घायल हुए है। जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया। जहां से दो गंभीर रूप से घायल लोगो को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है।

घायलों की पहचान सपिल ठाकुर पुत्र बलदेव सिंह ठाकुर, अमित ठाकुर पुत्र करतार सिंह, वीरेंद्र कुमार पुत्र सत्य मोहन, विनोद कुमार पुत्र राम कुमार तथा सुभाष सैणी पुत्र इंद्राज सैणी सभी निवासी नई दिल्ली के रूप में हुई है। ये सभी मनाली घूमने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना स्वारघाट की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। बता दें कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है वहां से कार नजर नहीं आती थी। कार तक पहुंचने के लिए रास्ता तक नहीं था पुलिस ने रस्से डाल कर घायल लोगों को सड़क तक पहुंचाया। पुलिस थाना स्वारघाट प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि रछोह पुल स्थान पर एक कार अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में लुढ़की है जिसमे पांच लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए नालागढ़ ले जाया गया है जहां से गंभीर लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया है। थाना स्वारघाट में कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App