Himachal Upchunav : जनता से अपील; आप फतेहपुर दें, विकास हम करेंगे

By: Oct 22nd, 2021 12:08 am

भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन जुटाने पहुंचे सीएम की जनता से अपील

टीम – फतेहपुर, नूरपुर, जवाली, राजा का तालाब, धर्मशाला

सीएम जयराम ठाकुर ने गुरुवार को फतेहपुर हलके का एक दिवसीय दौरा किया और भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के पक्ष में चुनावी जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने गोलवां, हौरी देवी, भटोली व स्थाना में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए लोगों से कहा कि आप फतेहपुर को फतेह करके दें, क्षेत्र का विकास हम करेंगे और पिछले चार वर्षों में जो कसर रही है, उसे एक वर्ष में पूरा करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस पर भी हमलावर रहे। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के स्टार प्रचारकों को लेकर भी हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में कांग्रेस के कुछ स्टार प्रचारक आपके क्षेत्र में प्रचार के लिए आए। ये वही लोग हैं, जो कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में सेना के जवान महिलाओं पर अत्याचार करते हैं। ऐसे लोगों को कांग्रेस स्टार बनाकर हिमाचल ला रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया है।

कांग्रेस के लोग हमसे सवाल पूछते हैं कि आपने क्या किया। पहले हिमाचल में केवल दो ऑक्सीजन प्लांट थे, लेकिन आज करीब 30 ऑक्सीजन प्लांट हैं। हम काम करते रहे और कांग्रेस के नेता भाषण देते रहे। जो कांग्रेसी पहले वैक्सीन पर सवाल उठा रहे थे, वही लोग टीका लगाने के लिए कतारों में सबसे आगे लगे रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में तो कांग्रेस नेता विहीन है ही, पूरी पार्टी को केवल एक परिवार चला रहा है। प्रदेश में वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस के लोगों में बड़ा नेता बनने की होड़ लगी है।

बुजुर्गों के पांव छूने का मुख्यमंत्री का नया अंदाज

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा की जनसभा में पहुंचे पार्टी के पुराने एवं बरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित उन्हें सुनने पहुंचे बुजुर्गों के पांव छूकर नया सियासी दांव खेला है। ऐसा कर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों में अपनी अलग पहचान बनाने के साथ नई सियासी चर्चाओं को जन्म देने का भी प्रयास किया है। उधर सीएम के बुजुर्गों के प्रति दिखाए गए सम्मान को उन बुजुर्गों ने भी खूब सराहा और मुख्यमंत्री की प्रसंसा की।

चारों सीटें जीतेंगी बीजेपी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गुरुवार को विधानसभा फतेहपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छह चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया और लोगों से भाजपा प्रत्याशी बलदेब ठाकुर के पक्ष में मतदान करने की अपील की। रैहन में हेलिकॉप्टर से उतरते ही उन्होंने कहा कि यकीनन इस बार के चारों उपचुनाव भाजपा के लिए चुनौती हैं, लेकिन भाजपा चारों उपचुनावों पर विजय हासिल करेगी। वहीं, महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या कांग्रेस शासनकाल में महंगाई नहीं होती थी।

बढ़ती महंगाई के लिए कांगेस ही कसूरवार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस के लोग महंगाई को लेकर सवाल करते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेस ही महंगाई की जननी है। 50 साल तक कांग्रेस सत्ता में रही। महंगाई और बेरोजगारी इन्ही की देन है। आज देश मजबूत हाथों में है। जिस तरह से हमने कोरोना खिलाफ सफलता पाई है, महंगाई रोकने में भी जरूर कामयाब होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारी सरकार को चार साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन कांग्रेस के पास आज किसी मंत्री या सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ नहीं है। भाजपा सरकारों के समय देश सुदृढ़ हुआ है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश की छवि मजबूत हुई है। कांग्रेस ने प्रदेश पर कितना कर्ज छोड़ा, वह जग जाहिर है।

रूठों को मनाने का प्रयास

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से भी अलग अलग बैठकें कर उनके गिले शिकवे दूर कर पार्टी के काम में लगाने का सियासी दांव खेला। पार्टी से नाराज या दूसरे खेमे के लोगों को भी मुख्यमंत्री से भी अलग अलग बैठकें करवाने के लिए नेताओं व पार्टी पदाधिरियों की ड्यूटियां लगाई थी। इसके साथ ही फहतेहपुर में अब तक चुप बैठे लोगों को प्रचार में लगाने के बड़े प्लान पर काम किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों से मुलाकात की।

क्षेत्र के विकास में नहीं रहेगी कोई कसर

फतेहपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हम आपके पास फतेहपुर मांगने आए हैं। आप हमें केवल एक साल का मौका दिजिए, आगे आप खुद कहेंगे कि फतेहपुर हमेशा भाजपा के साथ रहेगा। चार साल की कमी को एक साल में पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसे जो भी वादे किए हैं, वे आचार संहिता खत्म होने के बाद पूरे किए जाएंगे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, वन मंत्री राकेश पठानिया, सांसद किशन कपूर ने भी लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर, विधायक अर्जुन ठाकुर, रीता धीमान, विशाल नैहरिया, राजेश ठाकुर सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे।

हिमाचल में हुए विकास के दम पर उपचुनाव जीतेगी बीजेपी

निजी संवाददाता – फतेहपुर

भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने गुरुवार को फतेहपुर में कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की। इस दौरान भाजपा प्रभारी उपचुनावों को लेकर फीडबैक भी ली। अविनाश राय खन्ना ने कहा की कोविड संकटकाल के समय भाजपा सरकार ने अपने नैतिक कत्र्तव्य को निभाया। जब पूरा देश कोविड से जूझ रहा था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता का पूरा ख्याल रखा। सभी गरीबों को मुफ्त गैस प्रदान करना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न कल्याण योजना के अंतर्गत मुफ्त राशन प्रदान करना बहुत बड़ा काम था। उन्होंने कहा कि अब भाजपा इन चुनावों में अपनी सरकार के प्रदर्शन व विकास की नीतियों पर चुनाव लड़ रही है, पर कांग्रेस के पास चुनावों में कोई भी मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में रूझान भाजपा के पक्ष में है और जनता विकास के लिए भाजपा को ही चुनेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App