अमरीका को भाया सौंखले का हुनर

By: Nov 12th, 2021 12:02 am

नादौन के पद्मश्री करतार सौंखले की कलाकृतियों को खरीदने की जताई इच्छा

नीलकांत भारद्वाज-हमीरपुर
देश के राष्ट्रपति के हाथों पद्मश्री सम्मान पाने वाले नादौन के करतार सिंह सौंखले की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान पाने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोग उनको जानने-पहचानने लगे हैं। उनकी कला के प्रेमी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी बनाई कलाकृतियों की डिमांड करने लगे हैं। अमरीका की एक महिला ने पद्मश्री करतार सिंह सौंखले द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों को खरीदने की इच्छा जाहिर की है।

यह महिला अमरीका में इन अनूठी कलाकृतियों की एग्जीबिशन लगाना चाहती है। करतार सिंह सौंखले के अनुसार अमरीका की एक महिला द्वारा उनसे संपर्क कर इन कलाकृतियों को खरीदने की इच्छा व्यक्त की गई है, लेकिन वे बताते हैं कि अभी उनके पास व्यावसायिक स्तर पर इतनी कलाकृतियां तैयार नहीं हंै यदि भविष्य में व्यावसायिक स्तर पर इस काम को आगे बढ़ाया जा सका तो वह इस पर जरूर विचार करेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद अपने घर पहुंचे करतार सिंह सौंखले ने यह खुलासा किया। उन्होंने इस सम्मान को हिमाचल की जनता को समर्पित किया है।

भावी पीढ़ी को सिखाएंगें बैंबू आर्ट

करतार सिंह सौंखले ने कहा कि वे अब भावी पीढ़ी को भी बैंबू आर्ट की अनूठी कलाकारी की बारीकियां सिखाएंगे। यदि बैंबू आर्ट भावी पीढ़ी तक पहुंच पाता है तो यह किसी क्रांति से कम नहीं होगा। इससे जहां हिमाचल में पर्यटन को पंख लगेंगे वहीं दूसरी ओर युवाओं को रोजगार भी प्राप्त होगा। बताते चलें कि करतार सिंह सौंखले न केवल बांस की कारीगरी करते हैं, बल्कि उन्हें कांच की बोतलों के अंदर बांस की कलाकृतियां उकेरने में भी महारत हासिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App