कंगना रणौत से वापस लें पद्मश्री, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने अभिनेत्री के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत

By: Nov 24th, 2021 12:06 am

पंचकूला, 24 नवंबर (मैनपाल)

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने भारत के राष्ट्रपति से मांग की है कि वह फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत से पदमश्री वापस लें। महिला कांग्रेस अध्यक्ष मंगलवार को महिला कार्यकर्ताओं के साथ पंचकूला के सेक्टर-पांच स्थित पुलिस थाने में पहुंचीं और स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस को दी शिकायत में प्रदेशाध्यक्ष सुधा भारद्वाज, महासचिव पवन कुमार, कमलेश शर्मा, गीता कांगड़ा संतोष व बेबी ने कहा कि पद्मश्री लेने वाली कंगना रणौत ने आजादी आंदोलन का मजाक उड़ाते हुए महान क्रांतिकारियों का अपमान किया है, जिनकी कुर्बानी के सदका आज देश आजाद है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में गृहमंत्री व प्रधानमंत्री की चुप्पी से साफ होता है कि कंगना रणौत के बयान को केंद्र सरकार संरक्षण दे रही है। इस बारे में अभी तक केंद्र सरकार द्वारा कोई कार्रवाई करना तो दूर कंगना के बारे में कोई टिप्पणी तक नहीं की गई है। सुधा भारद्वाज ने राष्ट्रपति से आह्वान किया कि पद्म पुरस्कारों के साथ सीधे तौर पर राष्ट्रपति कार्यालय जुड़ा होता है। कंगना जैसे लोगों को यह पुरस्कार दिए जाने से राष्ट्रपति भवन की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगती है। इसलिए कंगना के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सम्मान वापस लेना चाहिए। इस बीच सेक्टर- पांच की पुलिस ने हरियाणा महिला कांग्रेस द्वारा दी गई शिकायत को दर्ज कर लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App