चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव : निगम की 35 सीटें जीतेगी भाजपा ने जारी किया विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड

By: Dec 10th, 2021 12:05 am

चंडीगढ़, 9 दिसंबर (ब्यूरो)
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पिछले छह वर्षों के दौरान शहर में करवाए गए मुख्य विकास कार्यों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए कहा कि पार्टी प्रत्याशियों का मुख्य मुद्दा विकास होगा। गुरुवार को यहां सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम में भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने एक प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी का पिछले छह वर्षों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया।

इस अवसर पर उनके साथ भारत के एडिशनल सॉलिसीटर जरनल एवं पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, चंडीगढ़ के मेयर रविकांत शर्मा, भाजपा महामंत्री रामबीर भट्टी, चंद्रशेखर तथा पार्टी प्रवक्ता कैलाश जैन उपस्थित थे। अरुण सूद ने कहा कि 2016 में संपन्न हुए चुनावों में चंडीगढ़ की प्रबुद्ध जनता के सहयोग व समर्थन से भाजपा ने 26 में से 22 सीटों पर चुनाव लड़ा और 20 सीटों पर जीतकर निगम की बागडोर संभाली। वर्तमान में वार्डों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। इस बार भाजपा का सभी 35 सीटों पर चुनाव जीतने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों के दौरान नगर निगम में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर फोकस करके काम किया, जिसके चलते इस चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों का मुख्य मुद्दा विकास होगा। उन्होंने कहा कि जिस निषपक्षता व पारदर्शिता के साथ शहर में विकास कार्य करवाए गए हैं उसी के आधार पर पार्टी के प्रत्याशी जनता के बीच जा रहे हैं। विरोधियों के पास न तो बताने के लिए कुछ है और न ही भविष्य को लेकर कोई ठोस रणनीति उनके पास है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App