आधा लीटर की बोतल में बोरी का असर, इफको ने लांच किया नेनो यूरिया, अब खाद का बैग खरीदने की जरूरत नहीं

By: Dec 3rd, 2021 12:06 am

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

खेतों में फसलों को नाइट्रोजन उपलब्ध करवाने के लिए अब बोरियों में यूरिया खाद खरीदने की जरूरत नहीं है। इफ्को कंपनी ने अब नेनो यूरिया लांच किया है। खाद की 45 किलों की एक बोरी का काम सिर्फ 500 एमएल की एक बोतल से हो जाएगा। कंपनी के राज्य विपणन प्रबंधन सुधीर मान ने बताया कि यह बोतल किसानों को 240 रुपए में उपलब्ध हो जाएगी, जबकि यूरिया की एक बोरी 270 रुपए के आसपास मिलती है। उन्होंने बताया कि नेनो यूरिया बोरियों में मिलने वाले यूरिया के मुकाबले ज्यादा प्रभावी है। उन्होंने बताया कि इफ्को द्वारा नेनो तकनीक आधारित इस उर्वरक का विकास स्वदेशी तरीके से किया गया है। विश्व में पहली बारे इसे प्रोप्राइटरी पेटेंट टेक्नोलॉजी के माध्यम से इफको बायो टेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर एनबीआरसी कलोल गुजरात में बनाया गया है। उन्होंने बताया कि नेनो टेक्रोलॉजी एक नेनो मीटर एक मीटर का एक अरबवां हिस्सा होता है। नेनो पौषक तत्त्वों का आकार 1 से 100 नेनो मीटर तक होता है।

इसे इस तरह समझा जा सकता है कि सामान्य यूरिया के एक कण का आकार एक मिलीमीटर मानें, तो इफ्को द्वारा विकसित नेनो यूरिया का एक कण 1.32 नेनोमीटर का है व इसका पृष्ठ क्षेत्रफल यूरिया के एक दाने की तुलना में 10 हजार गुना अधिक होता है। बहुत छोटे आकार के कारण पौधे इसे अधिक क्षमता के साथ अवशोषित एवं उपयोग कर सकते हैं। एक स्वस्थ पौधे में भौतिक क्रियाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए फसल की पत्तियों में लगभग चार नत्रजन होनी चाहिए। अनुसंधानों से यह सिद्ध हुआ है कि यूरिया जैसे पारंपारिक नत्रजनयुक्त उरवकों के प्रयोग में 50 प्रतिशत कटौती नेनो यूरिया द्वारा की जा सकती है।

प्रयोग दर व प्रयोग विधि

नेनो यूरिया का प्रयोग सामान्य तौर पर जिस समय फसल में यूरिया दिया जाता है, उसी समय किया जा सकता है। जितने क्षेत्र मेें एक बैग यूरिया का उपयोग करते हैं, उतने क्षेत्र में एक बोतल नेनो यूरिया का उपयोग करें। नेनो यूरिया की 2.4 मिलि. मात्रा एक लीटर पानी में घोलकर फसल की प्रारंभिक अवस्थाओं पर नत्रजन की आवश्यकता अनुसार छिड़काव करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App