अब तो सुन लो सरकार! उम्र बढ़ी, सेना भर्ती अब भी अधूरी, अटकी लिखित परीक्षा से हजारों युवा परेशान

By: Jan 20th, 2022 12:07 am

मार्च, 2021 के बाद अटकी लिखित परीक्षा से हजारों युवा परेशान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

हिमाचल के युवाओं की सेना भर्ती टलने से हजारों युवा परेशान हैं। इनकी परेशानी की वजह ये है कि मार्च, 2021 में हुई भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अब तक नहीं हुई। उधर, युवाओं को ओवरऐज होने का डर है। युवाओं का कहना है कि पिछले वर्ष 2021 मार्च को हमारी भर्ती हुई थी, जिसकी परीक्षा मई 2021 को होनी थी। तब से लेकर आज तक इसको कोरोना का बहाना बनाकर टाला जा रहा है। इसके कारण हमारा भविष्य खतरे में है। हम मानसिक तौर पर दुखी हो गए हैं। दूसरी तरफ सरकार मार्च 2021 से लेकर न जाने कितनी रैलियां कर चुकी है। आर्मी सेंटर की भर्ती आज भी कोरोना नियमों में करवाई जा रही है। ये अलग अलग राज्यों में करवाई जा रही है। ऐसे में हमारा आर्मी का टेस्ट क्यों नहीं करवाया जा रहा है?

हम मझधार मे फंस गए हैं, जहां न आगे जाने को रास्ता न पीछे हटने को। भर्तियां न करवाए जाने से कई लड़के ओवरऐज हो गए हंै। हमारा भविष्य बर्बाद होता जा रहा है। इसलिए सरकार से आग्रह किया गया है कि आर्मी परीक्षा करवाई जाए। कोरोना के दौरान भर्ती न होने के कारण जो जो लड़के ओवरऐज हो गए हैं, उन्हें चांस दिया जाए। इधर पूर्व सैनिक निगम के पूर्व सीएमडी बिग्रेडियर खुशाल ठाकुर का कहना है कि इस बारे में सेना भर्ती के मंडी निदेशक से बात हुई थी। उनका कहना है कि भर्ती की मंजूरी अभी सेना मुख्यालय से नहीं है, लेकिन जो प्रक्रिया चल रही है, वे सभी युवा ओवरऐज नहीं होंगे। इन्हें ये चांस आयु पार करने के बाद भी दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App