समाजवादी पार्टी ने जारी की 56 उम्मीदवरों की सूची, नौ मुस्लिम-पांच महिला प्रत्याशी शामिल

By: Jan 27th, 2022 5:30 pm

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिये गुरुवार को 56 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इनमें नौ मुस्लिम और पांच महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इसमें भाजपा से आए पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

इनके अलावा बसपा से सपा में आये विधायक लालजी वर्मा अंबेडकरनगर जिले की कटहरी सीट से, रामअचल राजभर को अंबेडकरनगर सीट से उम्मीदवार बनाया है। पूर्व बसपा सांसद दाऊद अहमद को लखीमपुर खीरी की मुहम्मदी सीट से, कांग्रेस से सपा में शामिल हुए रमाकांत यादव को आजमगढ़ जिले की फूलपुर पवई सीट से टिकट दिया गया है।

सपा ने अपने मौजूदा विधायक शैलेन्द्र यादव ललई को जौनपुर जिले की शाहगंज सीट से और आशुतोष उपाध्याय को देवरिया जिले की भाटपाररानी सीट से उम्मीदवार बनाया है। इनके अलावा पार्टी ने अरविंद सिंह गोप को बाराबंकी जिले की दरियाबाद सीट से टिकट दिया है। पिछला चुनाव वह रामनगर सीट से लड़े थे लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App