सुरजेवाला को भाया सिद्धू का मॉडल

By: Jan 20th, 2022 12:02 am

कांग्रेस प्रधान की योजनाओं पर लगाई मुहर, दाल-मक्की पर एमएसपी का वादा

चंडीगढ़, 19 जनवरी (ब्यूरो)

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला बुधवार को पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब मॉडल पर मुहर लगाते नजर आए। दोनों नेताओं ने पंजाब कांग्रेस भवन में संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस की। इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पंजाब मॉडल की बातें दोहराई, जिस पर रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी सहमति जताई। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से इतर लाइन पर चल रहे हैं। कई बार वह चन्नी सरकार को घेर चुके हैं। सिद्धू अपने पंजाब मॉडल पर जोर देते हैं। बुधवार को कांग्रेस भवन में सिद्धू ने एक बार फिर अपने पंजाब मॉडल पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि उनके पंजाब मॉडल में राज्य को कर्जामुक्त करने के साथ-साथ सभी वर्गों खासकर किसान, महिलाओं व निचले तबके के लोगों के लिए योजनाएं होंगी। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि देश के किसान व मजदूरों के साथ केंद्र सरकार ने विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि जब कृषि कानून लाया गया, तब अकाली साथ थे। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने तो इसको लेकर अपने राज्य में भी कानून भी बना दिया। सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानी पर भी जीएसटी लगा दिया। कहा कि मोदी सरकार किसान विरोधी है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि उनके पास पंजाब के विकास के लिए मॉडल है। उन्होंने कहा कि अगर अन्य दलों के पास भी ऐसा माडल हो तो बताएं। सिद्धू ने कहा कि वह दाल, मक्की पर एमएसपी देंगे। इस पर सुरजेवाला ने भी सहमति जताई।

नशीले पाउडर संग एक दबोचा

खरड़। खरड़ सदर पुलिस ने एक व्यक्ति से पाबंदीशुदा नशीला पाउडर बरादम करके उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि गांव झुगियां-हरलालपुर रोड़ पर गश्त के दौरान एक व्यक्ति पुलिस पार्टी को देख कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर इस व्यक्ति की तलाशी ली तो इसके पास से 20 ग्राम पाबंदीशुदा नशीला पाउडर बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मनोज कुमार निवासी खरड़ के तौर पर हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App