खेल मैदानों को पार्किंग-हेलिपैड मत बनाओ

By: Feb 4th, 2022 12:06 am

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आज खेल जगत में बहुत कड़ी प्रतिस्पर्धा हो गई है। इसलिए उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने पर भी पोडियम तक पहुंचना सबके बस की बात नहीं है। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की पदक तालिका में स्थान बनाने के लिए जहां विद्यालय स्तर से ही अच्छे ज्ञानवान प्रशिक्षक चाहिए, वहीं पर प्ले फील्ड भी बहुत जरूरी हंै। हिमाचल प्रदेश के खेल मैदानों व अन्य हाल ही के वर्षों में बनी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्ले फील्ड का रखरखाव भी ठीक ढंग से नहीं हो रहा है। और खेल मैदान बनाने की जरूरत है, और जो हैं, उन्हें संभालना होगा…

हमारे प्रदेश का अधिकांश भू-भाग पहाड़ी होने के कारण खेल मैदानों के लिए बहुत मुश्किल से लंबी-चौड़ी जगह मिल पाती है। इसलिए हिमाचल प्रदेश के शिक्षा संस्थानों के पास बहुत कम खेल मैदान हैं और जहां हैं भी उन्हें कभी भवन तो कभी पार्किंग बना कर यूं ही बरबाद किया जा रहा है। अब तो हद ही हो गई है जब बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटवाड़ के खेल मैदान को हेलिपैड में तब्दील कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के मैदानों में विज्ञान के लिए प्रयोगशाला भवन तो कभी किसी और के लिए भवन बना कर खत्म कर दिया जा रहा है। मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के टिहरा क्षेत्र में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टिहरा के खेल मैदान में विज्ञान के लिए प्रयोगशाला भवन बनाया जा रहा है। पूर्व छात्र संघ व वहां की चार पंचायतों के लोग इसका विरोध करते रहे, मगर कोई सुनने को तैयार नहीं हुआ। यह पूरा क्षेत्र अवाहदेवी से लेकर गद्दीधार तक रिज पर बसा है। चलने के लिए सड़क है, वही खेल मैदान व पार्क का काम करती है। इस क्षेत्र में वालीबॉल व कबड्डी की प्ले फील्ड होना भी बड़ी बात है।

 यहां पर पहले ढगवाणी विद्यालय के मैदान में जल शक्ति विभाग ने पंपहाऊस बना दिया और अब टिहरा विद्यालय के मैदान में विज्ञान प्रयोगशाला। यह अलग बात है कि वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कमलाह के खेल मैदान को बनाने के लिए हाल ही में पचास लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।  हिमाचल प्रदेश सरकार इस विषय पर ध्यान दे ताकि भविष्य के नागरिकों को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य भी मिल सके।। इस कॉलम के माध्यम से पहले भी इस बात को सरकार के ध्यान में लाया जा चुका है। एक समय था जब विद्यार्थी सवेरे-शाम अपने अभिभावकों के साथ कृषि कार्य में हाथ बंटाता था, फिर कई किलोमीटर चल कर विद्यालय पहुंचता था। उस समय किसी भी फिटनेस कार्यक्रम की जरूरत नहीं थी, मगर आज जब पढ़ाई के लिए घर का काम बंद है, पैदल चलने का रिवाज ही नहीं है तथा खेल के नाम पर मोबाइल व कम्प्यूटर हैं तो फिर फिटनेस के लिए खेल मैदान तो अनिवार्य हो जाता है, नहीं तो फिर हमारी संतानें कहीं नशे के दलदल में फंस जाएंगी। उस उच्च शिक्षा का क्या अर्थ रह जाता है जिससे आप प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, अभियंता, चिकित्सक, प्रबंधक तो बन जाते हैं मगर आप स्वस्थ रह कर साठ वर्षों तक देश व प्रदेश की सेवा नहीं कर पा रहे हैं।

 अब तो लोग तीस-चालीस साल की उम्र में ही जानलेवा बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इस सबके पीछे जिम्मेदार बिना फिटनेस कार्यक्रम की स्कूली शिक्षा है। शिक्षा का अर्थ मानव का सर्वांगीण मानसिक व शारीरिक विकास है जिससे वह अपने आगामी जीवन की कठिनाइयों पर काबू पाकर खुशहाल जिंदगी जी सके। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश विद्यालयों में पढ़ने के लिए कमरे तो हैं, मगर उनकी फिटनेस के लिए कोई भी कार्यक्रम नहीं है। मैदान होंगे तो तभी फिटनेस पर कार्य होगा। हिमाचल प्रदेश का शिक्षा विभाग निजी शिक्षा संस्थान खोलने के लिए तो मैदान की अनिवार्य शर्त रखता है, मगर अपने सरकारी संस्थानों के मैदानों में भवन व पार्किंग बना कर अपने ही नियमों को ठेंगा दिखा रहा है। अभी भी समय है कि हिमाचल प्रदेश की जनता व सरकार दोनों को विद्यार्थी जीवन में फिटनेस कार्यक्रम के महत्त्व को समझना होगा, नहीं तो भविष्य में हमारी बीमारियों से ग्रस्त पीढि़यां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आज खेल जगत में बहुत कड़ी प्रतिस्पर्धा हो गई है। इसलिए उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने पर भी पोडियम तक पहुंचना सबके बस की बात नहीं है। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की पदक तालिका में स्थान बनाने के लिए जहां विद्यालय स्तर से ही अच्छे ज्ञानवान प्रशिक्षक चाहिए, वहीं पर प्ले फील्ड भी बहुत जरूरी हंै। हिमाचल प्रदेश के खेल मैदानों व अन्य हाल ही के वर्षों में बनी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्ले फील्ड का रखरखाव भी ठीक ढंग से नहीं हो रहा है।

 हिमाचल प्रदेश के पास आज से दो दशक पहले तक खेल ढांचे के नाम पर सैकड़ों साल पहले राजा-महाराजाओं द्वारा मेले व उत्सवों के लिए बनाए गए उंगलियों पर गिने जाने वाले कुछ मैदान चंबा, मंडी, अमतर, सुजानपुर, जयसिंहपुर, कुल्लू, अनाडेल, रोहडू, सराहन, सोलन, चैल व नाहन में बनाए थे। इन मैदानों पर हिमाचल प्रदेश की खेल गतिविधियां कई दशकों से मेलों व उत्सवों से बचे समय में होती रही हैं। सुजानपुर व जयसिंहपुर के बड़े मैदानों पर तो पहले ही बहुत अतिक्रमण हो चुका है। अब मंडी के पड्डल मैदान में कलस्टर यूनिवर्सिटी का भवन बन रहा है। आज जब भवन निर्माण  प्रौद्योगिकी के कारण कहीं भी हो सकता है तो फिर पहाड़ के लिए दुर्लभ समतल जगह को क्यों बरबाद कर रहे हो। हर शिक्षा संस्थान को अपना खेल मैदान चाहिए जहां सब विद्यार्थियों की फिटनेस हो सके। मगर शिक्षा संस्थान परिसर में जब मैदान ही नहीं होगा तो फिर पहाड़ की संतान को स्वास्थ्य व खेल क्षेत्र में पिछड़ने का दंश झेलना ही पड़ेगा। इसलिए खेल मैदानों की बरबादी को अभी से रोकना होगा। तभी हम अपनी आने वाली पीढि़यों से न्याय कर सकेंगे। विद्यालय स्तर पर  ड्रिल का पीरियड हर कक्षा के लिए अनिवार्य हो तथा उस पीरियड के लिए खेल मैदान भी जरूरी हो जाता है। कोरोना का कहर अभी बहुत देर तक चलने वाला है। हमें अपनी आगामी पीढि़यों को स्वस्थ रखना है तो हमें खेल मैदानों को और अधिक बनाना होगा और जो हैं, उन्हें संभालना होगा।

भूपिंद्र सिंह

अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक

ईमेलः bhupindersinghhmr@gmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App