हिमाचली पुलिस का मुंबई में धमाल

इसके अतिरिक्त हिमाचल पुलिस में साउदर्न रेंज, सेंट्रल रेंज तथा नॉर्दन रेंज के बीच हर वर्ष विभिन्न सांगीतिक प्रतिस्पर्धाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं जिससे पुलिस के इन कलाकारों में उत्साह बना रहता है। वर्तमान में कलर्स चैनल पर चल रहे हुनरबाज देश की शान की टीवी रियलिटी शो में हिमाचल पुलिस आर्केस्ट्रा दल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर पूरी दुनिया में धूम मचा रखी है…

एक समय था जब पुलिस को कानून का डंडा दिखाने, चोरों, बदमाशों, बिगड़ैलों तथा अपराधियों को सुधारने की दृष्टि से देखा जाता था लेकिन अब बदलते परिवेश में कानून व्यवस्था बनाने के साथ अब पुलिस भी विविधरंगी हो गई है। अब पुलिस में भी बहुप्रतिभाशाली जवान अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब पुलिस में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी तथा कलाकार, गायक, वादक, लेखक तथा अभिनेता भी देखने तथा सुनने को मिलते हैं। समाज की बदलती आवश्यकताओं तथा वर्तमान परिवेश के साथ ही कानून का डंडा दिखाने वाली पुलिस भी कठोर से नरम तथा संवेदनशील हो रही है। पुलिस का कार्य अब न केवल धौंस दिखाकर कानून व्यवस्था स्थापित करना, बल्कि समाजिक एवं जीवन मूल्यों तथा आदर्शों की स्थापना करते हुए प्रेम तथा विश्वास से जनता की सेवा करना है। हिमाचल पुलिस ने अब विभिन्न क्षेत्रों में अपना वर्चस्व स्थापित कर लिया है। पुलिस का डर, रौब तथा खौफ का प्रतिबिंब अब सेवक, सहायक तथा सहयोगी में बदल चुका है। वर्तमान में पुलिस की परंपरागत कार्य शैली में बहुत परिवर्तन हो चुका है। आग, बाढ़, दुर्घटना, चोरी, डकैती, धोखाधड़ी, हत्या, बलात्कार, हड़ताल, यातायात नियंत्रण, हर स्थान में सामाजिक सुरक्षा देने, कई चुनौतियों का सामना तथा रहस्यों की गुत्थियां खोल कर अपराधियों को सजा दिलाने वाली हिमाचली पुलिस अब विभिन्न सांगीतिक, कलात्मक, खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। निश्चित रूप से वर्तमान में पुलिस की कार्यप्रणाली में यह एक सकारात्मक बदलाव है।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी के मुख्यालय शिमला में पुलिस की प्रथम वाहिनी जुन्गा के अधीन कार्यरत ‘हार्मनी ऑफ  द पाइर्ंस’ के नाम से आर्केस्ट्रा दल की शुरुआत सन् 1996 में मात्र सात पुलिस जवानों की नियुक्ति से हुई थी जब पुलिस के कलाकारों को संगीत वाद्य भी अपने घर से लाने पड़ते थे। इस आर्केस्ट्रा दल में अब 15-16 व्यावसायिक कलाकार शामिल हैं। यह आर्केस्ट्रा दल देश का पहला सांगीतिक दल है जो अधिकारिक रूप से सरकार तथा पुलिस विभाग से मान्यता प्राप्त है। इस आर्केस्ट्रा दल में अब आधुनिक वाद्य यंत्र, ध्वनि यंत्र तथा रिकार्डिंग स्टूडियो आदि उपलब्ध हैं। इस दल पर प्रदेश पुलिस महानिदेशक की सीधी नजर रहती है। इस सांगीतिक पुलिस आर्केस्ट्रा ने देश भक्ति के जज्बे तथा विभिन्न समाजिक समस्याओं में सुधार तथा लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य कई प्रोजेक्ट्स का निर्माण किया है जिससे समाज में काफी सुधार हुआ है। अपने हुनर से पूरे देश में हिमाचली सांस्कृतिक छटा को बिखेरता यह पुलिस आर्केस्ट्रा दल देश तथा दुनिया में धमाल मचा रहा है। हिमाचल प्रदेश का कोई भी पुलिस तथा प्रतिष्ठित सरकारी कार्यक्रम पुलिस आर्केस्ट्रा दल तथा पुलिस बैंड के बिना अधूरा रहता है। समय-समय पर ये प्रतिभाशाली पुलिस अधिकारी सामाजिक, सांस्कृतिक सेवाओं के लिए सोशल मीडिया पर सामने आते रहते हैं। कोरोना महामारी में पुलिस कई कलाकारों अधिकारियों ने अपने गीतों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य किया है। आर्केस्ट्रा दल के अतिरिक्त पुलिस बटालियन सकोह तथा जुन्गा के अधीन पुलिस बैंड के दो दल भी कार्यरत हैं जिनमें बारह से पंद्रह तक  प्रतिभाशाली पुलिस जवान कलाकार  नियुक्त हैं। इसके अतिरिक्त हिमाचल पुलिस में साउदर्न रेंज, सेंट्रल रेंज तथा नॉर्दन रेंज के बीच हर वर्ष विभिन्न सांगीतिक प्रतिस्पर्धाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं जिससे पुलिस के इन कलाकारों में उत्साह बना रहता है।

वर्तमान में कलर्स चैनल पर चल रहे हुनरबाज देश की शान की टीवी रियलिटी शो में हिमाचल पुलिस आर्केस्ट्रा दल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर पूरी दुनिया में धूम मचा रखी है। विश्व प्रसिद्ध भारतीय फिल्म संगीतकार एआर रहमान के वंदे मातरम को बेहतरीन रूप से प्रस्तुत कर हुनरबाज शो में जज की भूमिका में सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती, फिल्मकार कर्ण जौहर, अभिनेत्री परिणिति चोपड़ा तथा टीवी शो के होस्ट भारती तथा हर्ष लिंबाचिया भी इन हिमाचली प्रतिभाओं को देख कर अचंभित हैं। दूसरे राउंड में बेहतरीन बारह में स्थान बनाते हुए इस आर्केस्ट्रा दल ने फिल्म बार्डर के मशहूर गीत ‘संदेसे आते हैं, हमें तड़पाते हैं कि घर कब आओगे’ देश सेवा की ड्यूटी पर तैनात फौजी की भावनाओं को प्रदर्शित करते तथा फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ के गाने ‘मेरा रंग दे बसंती चोला मा, रंग दे गाकर शो के मंच पर वीर रस से देश भक्ति का माहौल बना दिया। फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी ने तो हिमाचली पुलिस दल की दमदार प्रस्तुति से प्रसन्न होकर अपनी फिल्म में मौका देने का वादा कर दिया। ये पुलिस के कलाकार पूरी तरह व्यावसायिक रूप से अपनी प्रतिभा से बड़े-बड़े कलाकारों तथा टीवी दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। शो के निर्णायक तथा बड़े-बड़े मेहमान कलाकार इन पुलिस वालों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर उत्साह से खड़े हो कर स्वागत कर रहे हैं। कुल मिलाकर मुंबई नगरी में हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवान, अपनी प्रभावशाली तथा आकर्षक प्रस्तुति के हुनर का जादू चला रहे हंै। हिमाचल पुलिस की इन सांगीतिक प्रस्तुतियों से देश तथा विदेश में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने ‘हार्मनी ऑफ  द पाईन्स’ के इन कलाकारों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन पर बधाई देकर आशा प्रकट की है कि आने वाले समय में भी पुलिस के कलाकार दुनिया में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। निःसंदेह हिमाचल पुलिस का कलाकारों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का यह प्रयास अति सराहनीय है। उम्मीद है कि सरकार भी इन प्रतिभाओं से प्रभावित होकर प्रदेश में फिल्म उद्योग स्थापित करने की दिशा में कदम उठाएगी। हिमाचल पुलिस के जवानों तथा कलाकारों का मुंबई नगरी में जाकर अपनी प्रस्तुतियों हिमाचली संस्कृति एवं प्रतिभा से अचंभित करने वाला यह प्रदर्शन सभी को गौरवान्वित करता है। आशा है कि यह  ‘हुनरबाज’ पुलिस दल पहले स्थान पर रह कर देश की शान बनेगा। प्रत्येक हिमाचली वासी की ओर से इन कलाकारों को शुभकामनाएं।

प्रो. सुरेश शर्मा

लेखक घुमारवीं से हैं


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App