एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल हुई खत्म

By: Feb 4th, 2022 12:01 am

आज काम पर लौटेंगे, स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक के बाद कर्मियों ने लिया फैसला

राज्य सरकार बनाएगी कमेटी, सिफारिश पर होंगे आगामी फैसले

विशेष संवाददाता-शिमला

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। अब सभी कर्मचारी शुक्रवार से काम पर लौट आएंगे। सचिवालय में देर शाम कर्मचारियों को मिले आश्वासन के बाद यह फैसला लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने एनएचएम कर्मचारियों की सभी बड़ी मांगों को तीन महीने में पूरा करने की बात कही है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल ऑनलाइन जुड़े थे। कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों ने इस दौरान अपनी मांगें स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारियों के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों के लिए नियमित पे स्केल, एचआर पॉलिसी, न्यूनतम वेतनमान के मुद्दे को बैठक में जोर-शोर से उठाया।

इसके बाद एनएचएम कर्मचारियों की मांगों पर स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल ने जल्द विचार करने की बात कही। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ने इन मांगों को पूरा करने के लिए एक कमेटी के गठन की भी बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में यह कमेटी बनाई जाएगी। उधर, एनएचएम के निदेशक हेमराज बैरवा ने कहा किकर्मचारियों की बैठक में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला किया है। कर्मचारियों के काम पर लौटने से स्वास्थ्य सेवाएं दोबारा से बहाल हो जाएंगी।

डेढ़ घंटे तक चला वार्तालाप का दौर

एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को भी जारी रही। लगातार दूसरे दिन भी प्रभावित हुई। इसके बाद शाम चार बजे एनएचएम कर्मचारियों के प्रतिनिधियों को बैठक के लिए बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में एनएचएम कर्मचारियों और स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारियों ने अपना पक्ष रखा। करीब साढ़े पांच बजे हड़ताल खत्म होने के फैसले के साथ ही यह बैठक खत्म हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App