सिरमौर के विद्यानंद सरैक को पद्मश्री पुरस्कार

By: Mar 22nd, 2022 12:08 am

दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किए सम्मानित

बीआर चौहान – यशवतनगर

जिला सिरमौर व प्रदेश के जाने जाने माने साहित्यकार, कवि एवं महान लेखक विद्यानंद सरैक को सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया । विद्यानंद सरैक पुरस्कार लेने के लिए सिरमौरी काला लोईया और हिमाचली टोपी पहनकर राष्ट्रपति भवन पहुचे। विद्यानंद सरैक ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जो उन्हें सम्मान दिया गया है, उसे वह ताउम्र नहीं भुला पाएंगे। साहित्य एवं शिक्षा में उत्कृष्ट एवं नि:स्वार्थ सेवाएं प्रदान करने के लिए विद्यानंद सरैक को पद्मश्री अवार्ड से विभूषित किया गया है। उनके साथ उनके बेटे सेवानिवृत्त सहायक जिला शारीरिक अधिकारी रमेश सरैक, जगमोहन सरैक के अतिरिक्त पोते दीपक सरैक, ईशान सरैक और विक्रम गंधर्व शामिल हैं। बता दें कि विद्यानंद सरैक प्रदेश के जाने-माने साहित्यकार, उच्च कोटि के लेखक एवं कवि, लोक कलाकार तथा समाज सेवक के रूप में जाने जाते हैं।

उनका जन्म 26 जून, 1941 को राजगढ़ ब्लॉक के देवठी मझगांव में एक साधारण परिवार में हुआ था। इससे पहले फरवरी 2018 को विद्यानंद सरैक को प्रदेश की संस्कृति के सरंक्षण व संवर्धन में उत्कृष्ट योगदान देने पर हिमाचल प्रदेश के एक प्रमुख कलाकार के रूप में राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित किया गया था और अब साहित्य एवं शिक्षा के लिए पद्मश्री अवार्ड से नवाजा जाना हिमाचल प्रदेश विशेषकर सिरमौर जिला के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है । विद्यानंद सरैक ने अपना जीवन एक अध्यापक के रूप में आरंभ किया गया था। प्रदेश की संस्कृति के संरंक्षण व सवंद्र्धन में उनका बड़ा योगदान रहा है। चूड़ेश्वर सांस्कृतिक कला मंच के के प्रमुख होने के नाते विद्यानंद सरैक द्वारा सिरमौर की संस्कृति को गायनए वादन और लोक नृत्य के माध्यम से देश-विदेश में पहुंचाया गया है। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App