कांग्रेस नेता अध्यक्ष बन जाएं या विधायक

By: Apr 25th, 2022 12:01 am

पार्टी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने की चुनाव न लडऩे की सिफारिश

विशेष संवाददाता—शिमला

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर मचे घमासान में नया ट्विस्ट आ गया है। केंद्र स्तर पर पार्टी के रणनीतिकार प्रशांत किशोर के सुझाव से खलबली मच गई है। प्रशांत किशोर ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव न लडऩे की सिफारिश की है। यानी, जो प्रदेशाध्यक्ष होगा वो अब चुनाव नहीं लड़ेगा। यह सुझाव माना जाता है, तो कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में वे सभी चेहरे बाहर हो जाएंगे जो विधायक बनकर आगे का भविष्य संवारने की तैयारी में हैं। हालांकि इस सुझाव पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुहर लगनी बाकी है। मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को हटाने की पैरवी कर रहे धड़े की धड़कने इस सिफारिश के बाद जरूर बढ़ेंगी। हालांकि कुलदीप सिंह राठौर खुद भी विधायक बनने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि जहां भी कांग्रेस की जमानत जब्त हुई होगी, वहीं से वे चुनाव लड़ेंगे।

ऐसे में इस प्रस्ताव को मंजूरी के बाद उन्हें भी अध्यक्ष पद से हटना होगा। ऐसे में कांग्रेस को प्रदेशाध्यक्ष के पद पर ऐसे चेहरे की तलाश करनी होगी। जो मास लीडर होने के साथ ही प्रदेश के विधानसभा चुनाव लडऩे की इच्छा न रखे। ऐसे में नादौन के विधायक सुखविंद्र सुक्खू या नेताप्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री दोनों ही इस लड़ाई से बाहर नजर आ रहे हैं, जबकि चौथा नाम जो हिमाचल से दिल्ली तक सुर्खियों में रहा वो मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह का है। प्रतिभा सिंह सांसद का चुनाव जीतने के बाद अब राष्ट्रीय राजनीति में जा चुकी हैं। ऐसे में उनका दखल प्रदेश में नहीं है और न ही उनके विधायक का चुनाव लडऩे की संभावना बन रही है। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष के लिए प्रतिभा सिंह का एक मजबूत नाम कांग्रेस के पास हो सकता है। प्रतिभा सिंह प्रदेशाध्यक्ष बनती हैं, तो उनका रूतबा बढ़ जाएगा।

पंजाब में हार के बाद कांग्रेस ने कसी कमर
कांग्रेस इस तोड़ से पार्टी में उपजे विरोध को भी शांत करेगी और इसके साथ ही चुनाव से पूर्व गुटबाजी का एक सिरा उधेडऩे में भी पार्टी कामयाब हो जाएगी। फिलहाल, यह रणनीति कांग्रेस के छोर पर बन रही है और दिल्ली में तय होने वाला यह नियम पूरे देश में एक समान लागू होगा। कांग्रेस ने पंजाब के चुनाव में आपसी कलह की वजह से करारी हार का सामना किया है। अब ऐसी स्थिति हिमाचल या दूसरे राज्यों में न बने इसके लिए रणनीति बनाई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App