कर्मचारियों को आस, आज मिलेगा कुछ खास

By: Apr 15th, 2022 12:01 am

हिमाचल दिवस पर ओपीएस, आउटसोर्स, डीए संग एरियर की बंधी उम्मीद

राकेश शर्मा – शिमला

हिमाचल दिवस के राज्यस्तरीय समारोह पर नजर कर्मचारियों की भी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज चंबा में होने वाले समारोह में बड़ा ऐलान कर सकते हैं। इसे लेकर कर्मचारी लगातार उम्मीद बांधे बैठे हैं। महंगाई भत्ते और एरियर के भुगतान मुराद पूरी हो सकती है। ओल्ड पेंशन बहाली की उम्मीद भी कर्मचारी लगा रहे हैं। प्रदेश सरकार पहले ही इस मामले में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति का गठन कर चुकी है और समिति को मिले सुझाव के अनुरूप ही फैसला आने की संभावना है। हालांकि इस मामले में अब केंद्र सरकार का किरदार भी महत्त्वपूर्ण हो गया है। हाल ही में हिमाचल दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ओल्ड पेंशन बहाली को लेकर गेंद सीधे प्रधानमंत्री के पाले में डाल दी है। अब केंद्र से ग्रीन सिग्रल आने के बाद ही ओल्ड पेंशन बहाल होने की संभावना है और इन्हीं संभावनाओं पर आज मुख्यमंत्री के ऐलान भी केंद्रित है। फिलहाल, अन्य मसलों की बात करें तो आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति का भी निर्धारण होना है।

इस संबंध में सरकार की तरफ से जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में समिति का गठन किया गया है। समिति की पहली बैठक मंडी में हो चुकी है और इस बैठक में तमाम कर्मचारियों से सुझाव लिए गए हैं। पहली ही बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों ने उन्हें नियमित करने की मांग मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के समक्ष रखी थी। साथ ही हिमाचल दिवस के मौके पर आउटसोर्स कर्मचारियों को पॉलिसी के दायरे में लाने की भी बात कही थी। हालांकि समिति की तरफ से सुझाव को लेकर लगातार बैठकें करने के निर्देश इस दौरान जरूर दिए गए थे। अब तमाम आउटसोर्स कर्मचारियों की उम्मीदें आज चंबा में होने वाले हिमाचल दिवस समारोह से जुड़ गई हैं। (एचडीएम)

सीएम ठीक पांच साल बाद एक बार फिर चंबा में

चंबा पूर्व में भी कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा का केंद्र बनता रहा है। इससे पूर्व वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह अपने कार्यकाल के आखिरी साल में हिमाचल दिवस समारोह के दौरान चंबा में ही थे। यहां से उन्होंने कर्मचारियों के लिए अनुबंध की अवधि को तीन साल में बदल दिया था। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ कर्मचारियों ने जो उम्मीदें बांध रखी हैं, उन पर क्या फैसला आज निकल कर सामने आता है।

पुलिस पे-बैंड का इंतजार खत्म नहीं

पुलिस पे-बैंड को लेकर भले ही मंत्रिमंडल ने स्वीकृति दे दी हो। लेकिन अभी तक अधिसूचना जारी नहीं हो पाई है। शुक्रवार को भी अवकाश की वजह से पे-बैंड की अधिसूचना जारी नहीं हो पाएगी। अब इसके लिए एक बार फिर पुलिस कर्मचारियों को शनिवार या सोमवार तक का इंतजार करना पड़ सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App