केजरीवाल का दिल्ली मॉडल फेल

By: Apr 25th, 2022 12:01 am

भाजपा नेताओं ने साधा निशाना, भ्रष्टाचार को दे रहे बढ़ावा

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर, प्रवक्ता विनोद ठाकुर और सह-मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को लेकर सभ्य भाषा का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को शायद पता नहीं की हिमाचल की जनता सभ्य है और शांत स्वभाव की है। केजरीवाल को पता होना चाहिए की एक मुख्यमंत्री से बात किस भाषा में करनी चाहिए, अगर उनको नहीं पता तो उनको सीखना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल किस दिल्ली के मॉडल की बात कर रहे है, दिल्ली की सभी व्यवस्थाएं चरमरा गई है।

भाजपा नेताओं ने केजरीवाल सरकार पर घेराबंदी करते हुए जोरदार हमला बोला है साथ ही आरोप लगाया है कि आम आदमी पाटी देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। दिल्ली में भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन चलाकर कार्रवाई करने का दावा करने वाले खुद भ्रष्टाचार में शामिल हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन की पांच करोड़ की संपत्ति को जब्त कर लिया गया, यह फर्जी कंपनियों के नाम पर हवाला कारोबारियों से उन्होंने खरीदी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हवाला कारोबारियों से 16.38 करोड़ रुपए के लेन-देन का खुलासा होने के बावजूद आम आदमी पार्टी ने सत्येंद्र जैन को मंत्री पद से बर्खास्त नहीं किया।

कांग्रेस-भाजपा की उड़ी नींद

आप प्रदेश प्रवक्ता बोले, रैली में भीड़ देख बौखलाए

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

प्रदेश के कांगड़ा जिला के चंबी मैदान में हुई आम आदमी पार्टी की विशाल जनसभा में उमड़ी भीड़ से कांग्रेस और भाजपा की नींद उड़ गई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि रैली में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के आने से दोनों पार्टियां बौखला गई हैं, जिससे भाजपा और कांग्रेस उल-जलूल बयान बाजी कर रही है। गौरव शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की नीतियों को सुनने के लिए जो जज्बा और प्यार लोगों में देखा गया उससे मुख्यमंत्री जयराम समेत कांग्रेस की नींद उड़ गई है।

उन्हें अब सपने में भी अरविंद केजरीवाल नजर आने लगे हैं। भाजपा और कांग्रेस के नेता रैली में उमड़ी भीड़ को हजम नहीं कर पा रहे हैं उससे दोनो दलों के नेता हताश होकर बेतूकी बयान बाजी कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और बढ़ते जनाधार से भाजपा की जमीन खिसकती नजर आ रही है। प्रदेश की भोली भाली जनता ने अब अपना मन बना दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनानी है। गौरव शर्मा ने कांगड़ा के चंबी मैदान में आम आदमी पार्टी की रैली को सफल बनाने के प्रदेश की जनता का आभार जताया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App