CM Jairam Thakur : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दावा; भाजपा के त्रिदेव ही जिताएंगे चुनाव

By: May 28th, 2022 12:08 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का दावा; कांग्रेस जिन प्रशांत किशोर से सलाह मांग रही थी, उन्होंने भी कहा, इस बार भूल जाओ हिमाचल

पवन कुमार, विजय लगवाल – धर्मशाला, शाहपुर

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शाहपुर के चंबी मैदान में त्रिदेव संम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह से सृष्टि संचालन के लिए ब्रह्मा, विष्णु व महेश काम करते हैं, ठीक वैसे ही भाजपा के त्रिदेव भी अपने बूथ पर काम करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर सियासी हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस जिन प्रशांत किशोर से भावी चुनावों में मार्गदर्शन करवाना चाह रही थी, उन्होंने भी कह दिया है कि हिमाचल व गुजरात में जीत भूल जाओ। पंजाब में कांग्रेस को चन्नी पर ज्यादा भरोसा था, वह भी नैया पार नहीं लगा पाए। देश के हर राज्य में भाजपा ने अपना परचम लहराया है। अब हिमाचल में भी मिशन रिपीट होगा। इस दौरान सीएम ने कहा कि रिवाज बदल गया है। अब हिमाचल में भी रिबायत बदलेगी। 1985 के बाद कभी सरकारें रिपीट नहीं हुर्ईं, लेकिन इस बार त्रिदेव अन्य कार्यकर्ताओं से मिलकर हिमाचल में इतिहास बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है।

वर्तमान प्रदेश सरकार ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात मंत्रिमंडल की पहली बैठक में वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अब वृद्धवस्था पेंशन की आयु सीमा को घटाकर 60 वर्ष कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चंबा में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर की गई घोषणाओं को भी पूरा कर दिया गया है। अब प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने पर महिलाओं से 50 प्रतिशत किराया ही लिया जाएगा। इस निर्णय को मंत्रिमंडल ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ने महत्त्वकांक्षी आयुष्मान भारत योजना पर कहा कि प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत योजना से छूटे हुए परिवारों को कवर करने के लिए मुख्यमंत्री हिमाचल हैल्थकेयर योजना शुरू की है। मंत्रिमंडल ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की नि:शुल्क आपूर्ति और मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के लाभार्थियों को दो एलपीजी सिलेंडर भी नि:शुल्क देने को मंजूरी दी है।

स्मृति ईरानी का स्वागत

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कांगड़ा हवाई अड्डे पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी का स्वागत किया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, वन मंत्री राकेश पठानिया, सांसद किशन कपूर व इंदु गोस्वामी, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधानसभा उपाध्यक्ष डा. हंसराज, कांगड़ा व चंबा के विधायक, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा व भाजपा के प्रदेश महासचिव त्रिलोक कपूर आदि उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App