गैस एजेंसी को लौटाए सिलेंडर, दाम बढऩे पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी सरकार के खिलाफ नारे

By: May 10th, 2022 12:06 am

चंडीगढ़, 9 मई(ब्यूरो)

चंडीगढ़ में सोमवार को सेक्टर-25 स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने हाथों में छोटे सिलेंडर उठाकर मोदी सरकार और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर चंडीगढ़ यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज लुबाना ने कहा कि एक आम आदमी से मूलभूत सुविधाएं छीनी जा रही हैं। एक ओर मोदी सरकार क्लीन फ्यूल को प्रोमोट कर रही है, वहीं दूसरी ओर घरेलू एलपीजी सिलेंडर का रेट हजार रुपए से ऊपर पहुंच चुका है। इससे आम आदमी की जेब पर भारी बोझ बड़ गया है। इस बढ़ोतरी के खिलाफ यूथ कांग्रेस एलपीजी सिलेंडर गैस एजेंसी को वापस करने जा रही है क्योंकि इस महंगे रेट में यह इस्तेमाल के लायक नहीं रहे। उन्होंने व्यंग्यात्मक ढंग से कहा कि इन्हें बेच कर आम आदमी कुछ बचत कर सकता है। इससे पहले यूथ कांग्रेस ने सेक्टर 25 रैली ग्राउंड में कारों और बाइक की सेल लगाते हुए कहा था कि जब पेट्रोल-डीजल भरवाने के पैसे नहीं तो गाडिय़ां किस काम की हैं।

मनोज लुबाना ने कहा कि वह सोई हुई सरकार को जगाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज वे अपने गैस सिलेंडर वापस करने आए हैं, क्योंकि उनके पास सिलेंडर भरवाने के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लगातार गैस और पेट्रोल-डीजल के रेट में बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा घरेलू खाने-पीने की चीजों के रेट में भी बढ़ोतरी हो रही है। लुबाना ने कहा कि मोदी सरकार वर्ष 2014 से पहले बेरोजगारी और गरीबी की बात करती थी। अब सरकार का ध्यान दंगे करवाने की ओर है। महंगाई और गरीबी को दूर करने पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। लुबाना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश के हालातों पर ध्यान देने की ज़रूरत है। मोदी सरकार ने पांच विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल, सीएनजी समेत गैस सिलेंडर के रेट में बढ़ोतरी कर दी। इसके चलते पिछले 2 महीने से लोग परेशान हैं। घरेलू गैस सिलेंडर का रेट चंडीगढ़ में 1009 रुपए हो गया है। वहीं कामर्शियल सिलेंडर का रेट 2253 रुपए से बढ़ कर 2355.50 रुपए हो चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App