सिरसा को 575 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

By: May 30th, 2022 12:02 am

प्रगति रैली के दौरान बोले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर

चंडीगढ़, 29 मई (ब्यूरो)

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ओढ़ा में आयोजित प्रगति रैली के दौरान सिरसा जिला को 575 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने ओढ़ा रैली में संबोधित करते हुए कहा कि विधायक चाहे उनकी पार्टी का हो या विपक्ष का, लेकिन उन्होंने पूरे प्रदेश में समान विकास करवाया है। हरियाणा की पूरी जनता को अपना परिवार मानते हुए हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना को लेकर कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने नगर पालिका रानियां, ऐलनाबाद और नगर परिषद डबवाली जहां आगामी नगर निकाय चुनाव आयोजित होने वाले हैं। उन्हें छोड़कर सिरसा जिला के लिए घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए उन्हें खेलों की तरफ आगे बढ़ाएं। इसके लिए सिरसा जिला के 50 गांवों में 5 से 10 लाख रुपए की लागत से जिम या अन्य खेलों के खेलने की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ओटू झील के किनारे लगते गांवों के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए एक महीने तक इस झील की मिट्टी उठाने की अनुमति प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि किसान 6 टन या 10 टन की ट्रॉली को यहां से भरवाकर अपने खेत में डाल सकते हैं। ट्रॉली भरने की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। किसान को इसके लिए 100 रुपए प्रति टन देना होगा। एक महीने तक इसके लिए कोई परमिशन या लाइसेंस की जरुरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शेरावाली डिस्ट्रीब्यूटरी पर काम शुरू हो गया है। पांच जून से टेल तक पानी पहुंचेगा। इससे आसपास के 20 से 25 गांवों को फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने सिरसा के लिए स्वास्थ्य विभाग की साढ़े 13 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड द्वारा सिरसा में 88 करोड़ की लागत से 77 सड़कों को बनाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App