लोगों ने खुद खाली की जनता कालोनी

By: May 9th, 2022 12:01 am

सेक्टर-25 में प्रशासन ने बोर्ड लगा दी थी चेतावनी, झुग्गियों को बताया अवैध

चंडीगढ़, 8 मई (ब्यूरो)

चंडीगढ़ प्रशासन ने दूसरी बड़ी कॉलोनी सेक्टर-25 स्थित जनता कॉलोनी को हटाने के लिए सात दिन का समय दिया था। इस बीच कभी भी इसे हटाए जाने के लिए कॉलोनी के बाहर नोटिस बोर्ड तक लगाया था। इसको देखते हुए अब कॉलोनी वासियों में खौफ दिखने लगा है। इस कॉलोनी वासियों ने अपने आप अब मकान खाली करने शुरू कर दिए हैं। रविवार को कॉलोनी का बड़ा हिस्सा खाली हो गया। कॉलोनी छोड़कर जाने वालों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। साथ ही सामान निकालने के लिए भी लोग जद्दोजहद करते दिखे। दरअसल प्रशासन ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कॉलोनी नंबर-4 को पहली मई रविवार को हटाया था। इसको देखते हुए अब ऐसा माना जा रहा था कि आठ मई को जनता कॉलोनी हटाई जाएगी। नोटिस के हिसाब से मंगलवार को सात दिन पूरे हो रहे हैं।

इसको देखते हुए चर्चा यही थी कि रविवार को यह कॉलोनी हटाई जाएगी। इसी वजह से लोगों ने खुद ही कॉलोनी को खाली करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि कॉलोनी में अब बहुत कम ऐसे घर बचे हैं ,जो रह रहे हैं। सभी ने दूसरी जगह सामान शिफ्ट कर लिया है। जो सामान रहता है, उसे भी रविवार को शिफ्ट कर लिया गया। इसके साथ ही इंडस्ट्रियल एरिया फेज.1 स्थित संजय कॉलोनी को हटाने के लिए 21 दिन का समय दिया गया है। बाकायदा दोनों कॉलोनियों के बाहर डीसी ऑफिस की तरफ से नोटिस बोर्ड लगा दिया गया। इस पर स्पष्ट शब्दों में लिखा गया कि यह सरकारी भूमि है। इस पर बने सभी ढांचे, झुग्गियां अवैध हैं। इसलिए इस जमीन को तत्काल खाली करने का आदेश दिया गया है। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो प्रशासन निर्धारित समय के भीतर खुद इसे हटा देगा। इसलिए ऐसा नहीं है कि यह अवैध कॉलोनी सात या 21 दिन बाद हटाई जाएंगी बल्कि बीच में कभी भी हटाई जा सकती हैं। इन दोनों कॉलोनियों को खाली कराने से प्रशासन करीब 60 एकड़ जमीन को वापस लेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App