दो दिन में मिलेगी गर्मी से राहत

By: May 17th, 2022 12:02 am

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम में आएगा बदलाव

चंडीगढ़, 16 मई(ब्यूरो)

चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा में लोग तेज गर्मी झेल रहे हैं। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते लोग घरों से निकलने में परहेज कर रहे हैं। वहीं मौसम विभाग की माने तो चंडीगढ़ में अगले 48 घंटे लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। इसका कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होना है। हल्की बौछारों के साथ धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के डायरेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ समेत पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में तापमान काफी ज्यादा चल रहा है। इस वर्ष मार्च और अप्रैल के महीने भी काफी गर्म रहे हैं। पिछले 3-4 दिनों से पंजाब और हरियाणा का तापमान काफी ज्यादा चल रहा है। दो दिनों से तेज गर्म हवाएं चल रही हैं।

बीते रोज पंजाब के मुक्तसर का तापमान सबसे ज्यादा 47 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं गुरुग्राम का तापमान भी 48 डिग्री जा पहुंचा था। मनमोहन सिंह के मुताबिक बीते रविवार के मुकाबले सोूमवार को तापमान में थोड़ी कमी देखने को मिलेगी। इसका कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस है। पंजाब और हरियाणा के ऊंचे इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बौछारें भी पड़ सकती हैं। वहीं बठिंडा, फाजिल्का जैसे दक्षिणी इलाकों में गर्मी बनी रहेगी। इसी तरह हरियाणा के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान थोड़ा कम रहेगा और बाकी जगहों पर गर्मी बनी रहेगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस से विंड पैटर्न में बदलाव होता है। ऐसे में तापमान में थोड़ी कमी रहती है। दो दिन तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव रहेगा। इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखी जाएगी। मनमोहन सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। 20 मई तक तेज धूप बनी रहेगी। 21 मई के बाद बारिश की संभावना बन सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App