चंडीगढ़ पंजाब भवन के बाहर हंगामा, फरियादियों को अंदर जाने से रोकने पर सरकार के खिलाफ लगाए नारे

By: May 17th, 2022 12:06 am

चंडीगढ़, 16 मई (ब्यूरो)

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से सोमवार को यहां पंजाब भवन में सूबे के लोगों की शिकायतें सुनने के लिए लगाए गए जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान सोमवार को हंगामा हो गया। अपनी शिकायतें लेकर यहां जनता दरबार में पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री से नहीं मिलने दिया गया। फेसबुक और इंटरनेट मीडिया पर भगवंत मान का मैसेज पढ़ लोग मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत करवाने के लिए चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन पहुंचे थे। लोग जब चंडीगढ़ स्थित पंजाब राज भवन पहुंचे तो उनको अंदर नहीं जाने दिया गया। मुख्यमंत्री से मिलने वाले लोगों को कहा गया है कि उनका नाम लिस्ट में नहीं है। लोगों ने आरोप लगाए कि लिस्ट कहां बनी किसने बनाई कुछ पता नहीं। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए रोजगार की मांग कर रहे अलग-अलग कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न जिलों की गांवों के पंचायत सदस्यों के अलावा पारिवारिक, विभागीय समस्याओं से ग्रस्त लोग पहुंचे थे। ये लोग मुख्यमंत्री से नहीं मिल सके।

इस दौरान पंजाब भवन के सामने लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। हालांकि बाद में कुछ लोगों को मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति दी गई। लोग का कहना था की उन्हें तो इस जनता दरबार का पता भी नहीं था, वह तो सुबह फेसबुक पर मैसेज देखकर अपने सूबे के मुख्यमंत्री से मिलने के लिए निकल पड़े, लेकिन यहां हमें मिलने नहीं दिया जा रहा। यह कैसा जनता दरबार है। यहां पहुंचने पर लोगों को बताया गया कि जनता दरबार कार्यक्रम में सरकार की ओर से केवल 200 लोग ही बुलाए गए थे, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को न्योता समझकर अलग-अलग जगहों से लोग यहां आ गए और पुलिस ने उन्हें पंजाब भवन के बाहर ही रोक लिया। जब मुख्यमंत्री को इस बारे में पता चला तो उन्होंने सभी लोगों से उनका मांग पत्र और शिकायतें लेने को कहा और उनकी सुनवाई के लिए बाद में समय देने की बात कही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App