Tridev Sammelan : राम मंदिर के खिलाफ थी कांग्रेस, त्रिदेव सम्मेलन में गरजीं स्मृति ईरानी

By: May 28th, 2022 12:08 am

चंबी मैदान में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में गरजीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी

पवन, विजय — चंबी (शाहपुर)

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को शाहपुर के चंबी मैदान में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन में कांग्रेस पर राम मंदिर व गो विरोधी होने के गंभीर आरोप लगाए। स्मृति ने राहुल गांधी सहित कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि देश की जनता को कांग्रेस ने राम मंदिर से दूर रखा। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो सोनिया गांधी ने ेवकीलों को कहा कि कह दो कि भगवान राम का अस्तित्व ही नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग गो हत्या करने और फिर फोटो खिंचवाने में गौरव महसूस करते हैं। ऐसे लोग यदि हिमाचल में वोट मांगने आएं, तो उन्हें मुंहतोड़ जवाब देना। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने भाषण की शुरुआत बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक व  बीएलए को जय श्रीराम के नारे लगाते हुए की। स्मृति ने त्रिदेव को ब्रह्मा, विष्णु व महेश की भूमिका निभाने की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि राजनीति का निर्माता बूथ अध्यक्ष है। स्मृति ने कहा कि जय श्रीराम का जयघोष अमेठी के राजकुमार के कानों तक पहुंचना चाहिए।

अमेठी से राहुल को भगाया, तो उन्होंने केरल में जाकर भी  ऐसे लक्षण दिखाए कि शर्म आ जाए। यह परिवार अगर हिमाचल में वोट मांगेगा, तो हिमाचल की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी। हिमाचल वीर भूमि से उस परिवार तक श्रीराम का जयघोष पहुंचे, जिन्होंने देश विरोधी नारे का समर्थन किया। भारत के टुकडे़-टुकड़े करने वालों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि त्रिदेव सम्मेलन से कहने आई हूं कि मेरे अंदर आज भी आग है। मैने अमेठी में गरीब को तिल-तिल मरते देखा है। हिमाचल में हमने कांग्रेस के रिवाज तोड़े।

 एम्स, आईआईटी और आईआईएम बना कर दिखाया है कि ऐसा भी हिमाचल में हो सकता है। अब चुनाव में भी रिवाज तोड़ेंगे और फिर भाजपा सरकार बनाएंगे। कोरोना की विपदा कांग्रेस के कार्यकाल में आई होती, तो देश की जनता मर जाती। मेरी सरकार ने उनकी भी सेवा की, जिन्होंने वोट नहीं दिया और वैक्सीन का विरोध किया। हम पक्षपात नहीं करते। विपदा की घड़ी में कांग्रेस का भाग जाना उनका ध्येय था। मेरी पार्टी की बहनों ने मास्क सिले, फूड पैकेट दिए। सत्ता को सेवा में परिवर्तित करने का काम भाजपा ने किया। जिन्हें खुद नहीं पता अपनी पार्टी कैसे चलानी है, वे क्या हिमाचल के बात करेंगे। अमेठी में आरएसएस ने वर्षों लाठियां खाईं। एक समय कहते थे कि उन्हें कोई नहीं हिला सकता। लेकिन उनकी भी जमानत जब्त करवा दी गई है। अमेठी में भाजपा ब्लाक कार्यकर्ता की हत्या हुई। वह मेरे लिए भाई है, इसलिए अर्थी को कंधा दिया। वन रैंक-वन पेंशन मोदी सरकार ने दी। इस बार भी भाजपा त्रिदेव के साथ से रिवाज तोड़ेंगी और फिर सरकार बनाएगी। त्रिवेद की भूमिका में आप सभी बूथ को संरक्षित रखें। उन्होंने त्रिदेव की सराहना करते हुए कहा त्रिदेव का आशीर्वाद ही मिशन रिपीट करेगा। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App