सिर्फ आठ दिन में 49 मौतेंं

By: Jul 7th, 2022 12:01 am

प्रदेश पर कहर बन टूटा मानसून, 47 करोड़ का नुकसान

रोहित शर्मा – शिमला

हिमालच प्रदेश में मॉनसून को आए अभी सिर्फ आठ दिनों का समय हुआ हैं, लेकिन इन दिनों में ही मानसून ने हिमाचल में तबाही मचा दी है। 29 जून से लेकर अब तक प्रदेश में मानसून से हुई दुर्घटनाओं के कारण 49 लोगों की जान चली गई है। वहीं, 50 लोग घायल हैं और पांच लोग लापता हैं। मानसून के कारण प्रदेश को 8 दिनों में साढ़े 47 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। पीडब्ल्यूडी विभाग को सबसे ज्यादा 45 करोड़ के करीब नुकसान का आंकलन है। बुधवार को भी हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई जगहो पर आपदाएं आई है। कुल्लू जिला में मणिकर्ण के समीप चोंज गांव में बादल फटने से नदी में बाढ़ आ गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राकिरण के अनुसार यहां पर चार से छह लोगों के लापता होने की सूचना है। फ्लैश फ्लड से मलाणा प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचा है।

वहीं छह मवेशियों के लापता होने का समाचार भी है। रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को मॉनसून के कारण हुई दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें तीन मौतें कुल्लू जिला में और दो मौतें शिमला जिला में हुई हैं। शिमला के ढली में भूस्खलन में दबने के कारण एक 14 वर्षीय लडक़ी मौत हुई है। रिपोर्ट के अनुसार बारिश से राज्य में 21 सडक़ें, 75 ट्रांसफार्मर और 17 पेयजल योजनाएं बंद हैं। कुल्लू में सबसे अधिक 13 सडक़ें और 43 ट्रांसफार्मर बंद रहे। बारिश से राज्य में चार कच्चे-पक्के मकान, एक दुकान और सात गोशालाएं क्षतिग्रस्त बीते 24 घंटों के दौरान तत्तापानी में सर्वाधिक 103 मिलीमीटर बारिश हुई है। मानसून के कहर से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले चार दिन तक भारी बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सात जुलाई को येलो, आठ व नौ जुलाई को ऑरेंज और 10 जुलाई को दोबारा यलो अलर्ट रहेगा। (एचडीएम)

आज भी आ सकती है बाढ़

शिमला, कुल्लू और किनौर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने शिमला, चंबा और सिरमौर जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बाढ़ आने की चेतावनी दी है। समूचे प्रदेश में 10 जुलाई तक मानसून की भारी बारिश होने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर नदी नालों से दूर रहने को कहा गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App