विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा तैयार, सीएम और प्रदेशाध्यक्ष ने शीर्ष नेताओं को बताई तैयारियां

By: Jul 4th, 2022 12:08 am

हैदराबाद में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सीएम जयराम ठाकुर और प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने शीर्ष नेताआंे को बताई तैयारियां

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को हैदराबाद में संपन्न हुई, इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने विधानसभा चुनावों की तैयारियां पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा समेत शीर्ष नेताओं के सामने रखीं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल में चुनावी तैयारियों पर एक प्रस्तुति दी। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व को राज्य में संगठन के कामकाज और भाजपा की हिमाचल इकाई द्वारा हासिल किए गए लक्ष्यों से अवगत कराया।  उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने रविवार को अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना और अगले 18 महीनों में 10 लाख नौकरियां देने की सरकार की घोषणा की सराहना की। पार्टी ने अर्थव्यवस्था और गरीब कल्याण संकल्प पर एक प्रस्ताव पारित किया।

 उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काम एक वैश्विक मॉडल बन गया है। वहीं, दूसरी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक प्रस्तुति दी, जिसमें माननीय अधिकारियों को हिमाचल के विकास और कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया।  लाभार्थियों की संख्या और आम जनता को लाभान्वित करने वाली कल्याणकारी योजनाओं की गहराई को रेखांकित किया गया।  जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने रविवार को कहा कि अगले 30 से 40 साल भाजपा का युग होगा और भारत विश्व गुरु बनेगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया है कि पार्टी को क्षेत्रवाद, पारिवारिक वर्चस्व की राजनीति और तुष्टीकरण की राजनीति की प्रधानता को समाप्त करने के लिए विकास और परफार्मेंस की राजनीति पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने हमें बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी की सराहना की और इसे ऐतिहासिक बताया। प्रधानमंत्री ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की बहुत प्रशंसा की, जो निर्वाचित होने पर राष्ट्रपति बनने वाली पहली ट्राइबल महिला होंगी। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में उनके असाधारण आचरण की प्रशंसा की।

कांग्रेस सिर्फ परिवार की पार्टी

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस परिवार की पार्टी बन गई है, वह नए अध्यक्ष का चुनाव नहीं कर रही है, क्योंकि सत्ताधारी परिवार को नुकसान का डर है।  भाजपा जल्द ही तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी और दोनों राज्यों में पारिवारिक पार्टियों का दबदबा खत्म    करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाहरी और आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। रक्षा क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बना दिया गया है। भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सीखने की एक महान प्रक्रिया है और हम शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का ईमानदारी से पालन करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App