केजरीवाल को दोहरी सुरक्षा क्यों

By: Jul 29th, 2022 12:02 am

चंडीगढ़, 28 जुलाई (ब्यूरो)

पंजाब सरकार द्वारा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को जेड प्लस सुरक्षा दिए जाने को लेकर कांग्रेस और पंजाब पुलिस विभाग आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने कुछ दस्तावेज मीडिया को जारी करते हुए दोनों आप नेताओं को पंजाब से सुरक्षा मुहैया कराए जाने का दावा किया। वहीं पंजाब पुलिस ने इन दस्तावेजों को फर्जी करार देते हुए कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया है। पंजाब कांग्रेस भवन में विधायक सुखपाल सिंह खैरा और परगट सिंह ने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि अरविंद केजरीवाल को पार्टी का पंजाब कन्वीनर दिखाकर पंजाब पुलिस से जेड श्रेणी सुरक्षा दी गई है, जबकि पंजाब आप के कन्वीनर खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं, जिनका जेड श्रेणी सुरक्षा सूची में केजरीवाल के बाद दूसरा नंबर है। खैरा और परगट ने अपने इस दावे को लेकर कुछ दस्तावेज भी जारी किए।

खैरा ने कहा कि केजरीवाल ने खुद को पंजाब आप का कन्वीनर बताकर धोखा किया है और यह सब कुछ पंजाब सरकार के जेड प्लस सुरक्षा हासिल करने के लिए किया गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के नाते केजरीवाल को पहले ही दिल्ली पुलिस से जेड प्लस सुरक्षा हासिल है। ऐसे में उन्हें दोहरी जेड प्लस सुरक्षा की क्या जरूरत है। उधर पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि कांग्रेस नेताओं द्वारा दिखाए जा रहे दस्तावेज सरकारी दस्तावेज नहीं हैं और यह पूरी तरह फर्जी हैं। ऐसा लगता है कि याचिकाकर्ता ने खुद इसे टाइप करके पिटीशन के साथ लगाया है। उन्होंने कहा कि यह मामला हाई कोर्ट में चल रहा है और 29 जुलाई को इसकी अगली सुनवाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App