ताइवान के एयरस्पेस में फिर घुसा चीन; चीन के 68 फाइटर जेट्स ने की घुसपैठ, 13 युद्धपोतों ने पार की मध्य रेखा

By: Aug 6th, 2022 12:07 am

नैंसी पेलोसी के दौरे से भडक़े चीन के 68 फाइटर जेट्स ने की घुसपैठ, 13 युद्धपोतों ने पार की मध्य रेखा

एजेंसियां — बीजिंग, ताइपे

अमरीकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइवान दौरे पर चीन अभी भी भडक़ा हुआ है। दौरे से नाराज चीन ताइवान के आसपास के इलाकों में सैन्य अभ्यास कर रहा है। ताइवानी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार को सैन्य अभ्यास के दूसरे दिन चीन के 68 फाइटर जेट्स ने ताइवानी एयरस्पेस में घुसपैठ की। वहीं, 13 युद्धपोतों ने मीडियन लाइन को पार किया। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि पेलोसी ने हमारे विरोध के बावजूद ताइवान का दौरा किया। ये हमारे लिए गंभीर मुद्दा है। विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि पेलोसी ने हमारे आंतरिक मामलों में दखल दिया है।

उन्होंने वन-चाइना पॉलिसी का उल्लंघन किया है। चीन के विरोध के बावजूद पेलोसी ने ताइवान जाकर क्षेत्र की शांति को खतरे में डाला है। उधर, ताइवानी डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा कि हमने एहतियात के तौर पर मिसाइल सिस्टम तैनात कर दिया है। हम चीन की हरकत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मॉनिटरिंग के लिए कुछ एयरक्राफ्ट और शिप को रवाना किया गया है। बता दें कि अभ्यास के पहले दिन चीन के 100 से अधिक फाइटर जेट्स ने ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी एयरस्पेस में उड़ान भरी थी। अमरीका पर भडक़े चीन ने अब यूरोपियन यूनियन के देशों पर भी भड़ास निकाली है। चीन ने यूरोपियन यूनियन में शामिल 7 देशों के राजदूतों को तलब कर विरोध जताया है।

तुरंत बंद करो सैन्य अभ्यास, नैंसी पेलोसी से मुलाकात के बाद जापान ने चीन को हडक़ाया

टोक्यो। जापान के प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को ताइवान के आसपास सैन्य अभ्यास के दौरान चीन द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों की गोलीबारी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है जो हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और हमारे नागरिकों की सुरक्षा को प्रभावित करती है। टोक्यो ने कहा कि पांच चीनी मिसाइलें देश के विशेष आर्थिक क्षेत्र में गिर गई हैं। इनमें से चार को ताइवान के मुख्य द्वीप पर उड़ाया गया था। प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने अमरीकी सदन की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी से नाश्ते पर मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि इस बार चीन की कार्रवाइयों का हमारे क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की शांति और स्थिरता पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। मैंने उनसे कहा सैन्य अभ्यास को तत्काल रद्द करने का आह्वान किया है। पेलोसी एशियाई दौरे के अंतिम चरण में टोक्यो में हैं। किशिदा ने कहा कि उन्होंने और पेलोसी ने उत्तर कोरिया, चीन और रूस से संबंधित मामलों के साथ-साथ परमाणु मुक्त दुनिया की दिशा में प्रयासों सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।

पेलोसी पर बैन, यूएस से सैन्य संबंध खत्म

एजेंसियां — बीजिंग

यूएस स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइवान दौरे से भडक़े चीन का एक्शन और प्रतिबंध का सिलसिला अभी थमा नहीं हैं। चीन ने अमरीका संग कई क्षेत्रों में रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया है। दूसरी तरफ पेलोसी और उनके परिवार के सदस्यों पर भी कुछ प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। इसके मुताबिक, पेलोसी और उनके परिवार के सदस्य कभी चीन में यात्रा नहीं कर पाएंगे। पेलोसी के साथ-साथ चीन ने अमरीका से भी कई संबंध खत्म करने की बात कही है। चीन ने जलवायु परिवर्तन, सैन्य संबंध के साथ-साथ एंटी-ड्रग्स अभियानों पर यूएस से संबंध या तो खत्म कर लिए हैं या फिर उनको निलंबित कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App