CM Jairam Thakur : इंदौरा में गरजे सीएम जयराम ठाकुर; बोले, पूरा नहीं होगा कांग्रेस का सपना

By: Aug 19th, 2022 12:08 am

पंकज शर्मा – इंदौरा

आज प्रदेश में कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। कांग्रेस के बहुत से लीडर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के कारण ईडी के राडार पर हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही। मुख्यमंत्री गुरुवार को कांगड़ा जिला के इंदौरा में हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आयोजित ‘प्रगतिशील हिमाचल : स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रम के अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में लोगों को 150 यूनिट बिजली फ्री मिल रही और कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि जब हमारी सरकार आएगी, तो वे 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे। इस बात पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि न ही कांग्रेस की सरकार आएगी और न ही यह लोगों को 300 यूनिट बिजली फ्री दे पाएंगे। इसबार प्रदेश में भाजपा इतिहास बनाकर फिर से सरकार बनाएगी।

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने हमेशा ही जनविरोधी निर्णय लिए हैं। कांग्रेस के समय चार लाख लोगों को बुढ़ापा पेंशन मिलती थी , जबकि आज सात लाख लोग बुढ़ापा पेंशन ले रहे हैं। भाजपा सरकार ने पेंशन का लाभ लेने की आयु सीमा 80 से घटा कर 60 वर्ष कर जनता को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगभग 50 प्रतिशत सडक़ें महत्त्वकांक्षी प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत निर्मित की गई हैं और इसका पूर्ण श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है, जिनका हिमाचल प्रदेश के प्रति सदैव स्नेहपूर्ण भाव रहा। वर्तमान में प्रदेश में दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों सहित 39 हजार किलोमीटर सडक़ें लोगों को सुविधा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने हमेशा जरूरतमंद लोगों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है। कार्यक्रम के दौरान सांसद किशन कपूरए विधायक अर्जुन ठाकुर, राजेश ठाकुर, बलवान सिंह, घनश्याम संबयाल, मोती लाल जोशी, विनय शर्मा, अश्वनी शर्मा, राहुल पठानिया, उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक खुशाल शर्मा, सहदेव ठाकुर आदि लोग उपस्थित थे। (एचडीएम)

कोरोना काल में भी सियासत

कोरोना संकट की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैश्विक महामारी की चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने राज्य का विकास बिलकुल भी प्रभावित नहीं होने दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात कार्य करते हुए जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद की। दूसरी ओर संकट के उस दौर में भी कांग्रेस के नेताओं ने कुछ नहीं किया और वे इस संवेदनशील मुद्दे के राजनीतिकरण करने में ही लगे रहे। केंद्र सरकार ने कोरोना वैक्सीन बना कर यह बता दिया कि आज का भारत नया भारत है

जिम खोलने के लिए देंगे बजट

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में सात-सात पंचायतों के सात समूहों के लिए एक-एक व्यायामशाला स्थापित करने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘हिमाचल तब और अब’ विषय पर आधारित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। इस मौके पर राज्य की 75 साल की विकास यात्रा पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। स्थानीय विधायक रीता धीमान ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की विकासात्मक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

भयंकर गर्मी में भी बैठे रहे लोग

प्रगतिशील हिमाचल के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे इंदौरा पहुंचे। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गुरुवार को इंदौरा में मंडल भाजपा व भाजयुमो ने जोरदार स्वागत किया। लोगों का अपने मुख्यमंत्री के प्रति प्यार इस बात से ही जलक रहा था कि भयंकर गर्मी के बावजूद इंदौरा की जनता अपने मुख्यमंत्री के स्वागत व उनको सुनने के लिए बैठी रही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी हजारों की संख्या में पहुंची जनता को देखकर काफी खुश हुए। भाजयुमो मंडल इंदौरा के अध्यक्ष विनय शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने बैरियर चौक से लेकर सभा स्थल तक बाइक रैली भी निकाली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App