पहले दिन 345 युवा दौड़ में पास, बारिश के खलल के बीच 1792 ने मैदान में दिखाया दमखम

By: Aug 30th, 2022 12:05 am

सुजानपुर में अग्रिवीर भर्ती, बारिश के खलल के बीच 1792 ने मैदान में दिखाया दमखम

कार्यालय संवाददाता — हमीरपुर

तीन जिलों हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के लिए सुजानपुर टीहरा में अग्रिवीर भर्ती सोमवार सुबह से शुरू हुई। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि भर्ती के पहले दिन बिलासपुर की तीन तहसील घुमारवीं, भराड़ी और श्री नैनादेवी तहसील के करीब 1792 युवाओं ने भर्ती में भाग लिया। भर्ती मैदान में दौड़ की बाधा में 345 युवा ही पास हो पाए हैं, जबकि अन्य युवा दस्तावेज व दौड़ बाधा में ही बाहर हो गए हैं।

मैदान में देर शाम तक युवाओं की फिटनेस प्रक्रिया का दौर चलता रहा। उधर, सुबह के समय हुई भारी बारिश से मैदान पानी से भर गया था। इसके लिए कुछ घंटों के लिए भर्ती प्रक्रिया को रोकना पड़ा। सुबह के समय भर्ती के लिए आए युवाओं के दस्तावेज तक बारिश में भीग गए। उसके बाद मौसम साफ हो गया और भर्ती प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। उधर, भर्ती में 22 युवाओं को स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट के चलते बाहर करना पड़ा। ये सभी युवा ओपन स्कूल से पास थे। भर्ती मैदान में 30 कैमरों से युवाओं की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा आईटी सेल अलग से युवाओं पर नजर रख रही है।

आज 2548 युवा लेंगे भाग

अग्रिवीर भर्ती में मंगलवार को बिलासपुर जिला की झंडूता, बिलासपुर सदर और नम्होल तहसील के 2440 युवाओं को भर्ती के लिए बुलाया गया है। वहीं, ऊना जिला की भरवाईं तहसील के 108 युवा भर्ती में अपना दमखम दिखाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App