भारतीय पुरुष हॉकी टीम के शीर्ष ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत बोले, अच्छा लगता है जब हमारी मेहनत को पहचाना जाए

By: Sep 8th, 2022 12:06 am

लुसाने – भारतीय पुरुष हॉकी टीम के शीर्ष ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने ‘एफआईएच हॉकी स्टार्स अवार्ड्स 2021-22’ में साल के सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी पुरस्कार के लिये नामांकित होने के बाद बुधवार को कहा कि एफआईएच पुरस्कारों के जरिये उनकी मेहनत को पहचान मिलना एक अच्छा एहसास है। हरमनप्रीत ने 2020-21 में भी साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता था। इस साल उनके साथ पीआर श्रीजेश (साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर), सविता (साल की सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर), मुमताज़ खान (साल का उभरता हुआ सितारा, महिला), ग्राहम रीड (साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष टीम कोच) और जैनेक शॉपमैन (साल की सर्वश्रेष्ठ महिला टीम कोच) को भी एफआईएच हॉकी स्टार पुरस्कार के लिये नामांकित किया गया है।

हरमनप्रीत ने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये नामांकित होने पर कहा,“ साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिये एक बार फिर नामांकित होना मेरे लिये सम्मान का विषय है। मैंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और टीम की सफलता में योगदान देने का प्रयास किया है। अच्छा लगता है जब आपकी मेहनत को एफआईएच स्टार पुरस्कार के जरिये पहचाना जाता है। मैं भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के अन्य नामित खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। ” भारतीय डिफेंडर ने कहा कि एफआईएच स्टार पुरस्कार नामांकन दिखाते हैं कि भारतीय टीमें तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा, “ पिछली बार हमने सभी पुरस्कार जीते थे और इस बार हमें ज्यादातर के लिये नामित किया गया है, जो दिखाता है कि हमने पिछले दो सालों में शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय पुरुष और महिला टीम ने अद्भुत रफ्तार से तरक्की की है और मुझे लगता है कि हम भविष्य में इससे भी बेहतर नतीजे हासिल कर सकते हैं। यह भारतीय हॉकी के लिये बहुत ही रोमांचक समय है। ” हरमनप्रीत ने भारतीय टीम के साथ एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी ढाका 2021 में कांस्य पदक जीता था, जबकि बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में टीम रजत पदक लाई थी। हरमनप्रीत ने टीम के भविष्य पर कहा, “ हम एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 के लिये उत्सुक हैं। हमने राष्ट्रमंडल खेलों के समापन के बाद कुछ पहलुओं पर काम किया है। उम्मीद है कि हम अपने खेल को आगे सुधार सकते हैं और एक बेहतर टीम बन सकते हैं। एफआईएच हॉकी प्रो लीग के पिछले सत्र में हम तीसरे स्थान पर रहे थे। हम प्रतियोगिता के इस सत्र में अपने नतीजों को बेहतर करने के लिये काम करेंगे। ”


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App