दिल्ली में सोनिया गांधी से मिलीं प्रतिभा सिंह; कांग्रेस ने प्लान बी पर शुरू किया काम, बनाई रणनीति

By: Sep 30th, 2022 12:08 am

हर्ष महाजन के जाने के बाद कांग्रेस ने प्लान बी पर शुरू किया काम, चुनाव को लेकर बनाई रणनीति

राकेश शर्मा — शिमला

हिमाचल की रणनीति पर कांग्रेस ने दिल्ली में मंथन शुरू कर दिया है। हर्ष महाजन के जाने के बाद अब कांग्रेस पूरी तरह से एक्टिव मोड में है और फूंक-फूंक कर ही कदम रख रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद हिमाचल लौटना था, लेकिन हर्ष महाजन के एपीसोड के बाद बुधवार देर रात राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आपात मीटिंग बुला ली और इस वजह से वह वापस नहीं आ पाई हैं। इसके साथ ही गुरुवार को भी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव स्तर की एक बैठक दिल्ली में हुई है। चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को राजस्थान और हिमाचल में दोनों मोर्चों पर जवाब देना पड़ रहा है। हिमाचल में कांग्रेस उन सीटों पर भी दोबारा विचार कर रही है जिनमें टिकटों के आबंटन के बाद बगावत पनप सकती है। भाजपा को जवाब देने के लिए कांग्रेस अब उन नेताओं को भी पाले में खींच सकती है, जो भाजपा से नाराज चल रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रतिभा सिंह की मुलाकात में मुख्य तौर पर पार्टी के कुनबे को बचाने और कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊंचा रखने पर चर्चा हुई है। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया गया है कि अब कोई भी बड़ा नेता पार्टी छोड़ कर न जा सके। ऐसे में जिन नेताओं के भाजपा में जाने का संशय बना हुआ है, वे नेता भी अभी तक दिल्ली में ही हैं और इनमें एक बड़ा नाम धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा का भी है। कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक अब दो अक्तूबर को होगी। उधर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कहना है कि दिल्ली में लगातार बैठकें चल रही हैं। इनमें से एक बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य बैठकें पार्टी महासचिव स्तर की हुई हैं। इन बैठकों की वजह से वे हिमाचल में हुई रैली में हिस्सा नहीं ले पाई हैं। (एचडीएम)

नेताओं की खरीद को बजट

कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल में नेताओं की खरीद-फरोख्त का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में नेताओं को खरीदने के लिए भाजपा ने 500 करोड़ रुपए का बजट तय किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत है, तो उसे डकैती की क्या जरूरत पड़ रही है।

दो को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक अब दो अक्टूबर को होनी है। इस बैठक में हिमाचल की टिकटों पर चर्चा की जाएगी। स्क्रीनिंग कमेटी में 21 सीटों पर मंथन होगा। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों पर अपनी मुहर लगाएगी और इसके बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची तैयार हो जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App