‘सपा’ की कमान फिर से अखिलेश के हाथ, पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से हुआ फैसला

By: Sep 29th, 2022 11:58 am

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के निवर्तमान अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक बार फिर पार्टी की कमान सौंपी गई है। सपा के राष्ट्रीय सम्मेलन में गुरुवार को अखिलेश को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। सपा के महासचिव और निर्वाचन अधिकारी प्रो. रामगोपाल यादव ने अखिलेश को सर्वसम्मति से पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की।बता दें कि सपा के दो दिवसीय सम्मेलन के आज दूसरे दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाना था। राष्ट्रीय सम्मेलन में अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद देश और प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं के बारे में कुछ प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। इन मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के बारे में पार्टी आगे की कार्ययोजना तय करेगी।

सम्मेलन के पहले दिन बुधवार को प्रांतीय सम्मेलन में सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद पर भी एक बार फिर नरेश उत्तम के नाम की घोषणा की गई थी। प्रांतीय सम्मेलन में प्रदेश की योगी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों को उजागर करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया था। जिसमें बेरोजगारी और मंहगायी जैसी समस्याओं के लिये भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए इस दिशा में राज्यव्यापी जागरुकता अभियान चलाने की रणनीति तय की गई।

बता दें कि अखिलेश यादव एक जनवरी 2017 को पहली बार पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के स्थान पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए थे। उसके बाद अक्तूबर 2017 में आगरा में हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें एक बार फिर सर्वसम्मति से पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था। उस वक्त पार्टी के संविधान में बदलाव कर अध्यक्ष के कार्यकाल को तीन साल से बढ़ाकर पांच साल कर दिया गया था। गौरतलब है कि 1992 में जब से समाजवादी पार्टी का गठन हुआ है तब से लेकर अब तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर यादव परिवार का ही कब्जा रहा है। अखिलेश से पहले मुलायम सिंह यादव ही पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App